CJP Protest: दिल्ली में आज यानी 10 अक्टूब को जगह-जगह पर पहरा है. दिल्ली छावनी बनी हुई है. जंतर-मंतर किले में तब्दील है. आज यानी शनिवार को जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रोटेस्ट है. कॉकरोच जनता पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है. इसे देखते हुए ही दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. अभिजीत दिपके और उनकी टीम आज जंतर-मंतर पहुंचने वाली है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के प्रोटेस्ट को परमिशन नहीं दी. बावजूद इसके प्रशासन अलर्ट पर है. 25,000 पुलिस और पैरामिलिट्री जवान तैनात किए गए हैं. दिल्ली में 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं. देशभर में 250 से अधिक ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. साथ ही राजधानी के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवा रोक दी गई है.
यहां बताना जरूरी है कि दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. पुलिस ने इसके लिए पर्याप्त समय पहले सूचना न मिलने और पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन का हवाला दिया है. बहरहाल, अधिकारियों ने निगरानी बढ़ा दी है. एंट्री पॉइंट्स पर चेकिंग तेज़ कर दी है. राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे दिल्ली की ओर लोगों के अनधिकृत जमावड़े को रोकें.
क्यों है सीजेपी का प्रोटेस्ट
सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी का यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के लिए बुलाया गया है. सीईसी ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के एसआईआर यानी ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) में कथित अनियमितताओं का आरोप है.
दिल्ली में कहां-कहां ट्रैफिक डायवर्जन
बहरहाल, दिल्ली में आज यानी 10 अक्टूबर को घर से निकलने से पहले जरा ठहरिए. मेट्रो स्टेशन के साथ-साथ कई बड़े मार्केट भी बंद रहेंगे. साथ ही दिल्ली में 30 से अधिक जगहों पर डायवर्जन है. इस बाबत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी है. उसके मुताबिक, आज यानी शनिवार सुबह 6 बजे से जरूरत के मुताबिक यातायात में बदलाव लागू किए जा सकते हैं. धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, आईटीओ, मिंटो रोड, गुरु नानक चौक, कनॉट प्लेस, लोधी रोड फ्लाईओवर, पटेल चौक और संसद मार्ग के आसपास यातायात प्रभावित रहने की आशंका है.
मेट्रो बंद, ट्रेनें रद्द, इंटरनेट सेवा ठप
सीजेपी प्रोटेस्ट को देखते हुए मेट्रो भी बंद कर दिए गए हैं. शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार शाम 6 बजे तक 45 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्ज़िट गेट बंद रखे गए हैं. डीएमआरसी यानी दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी, सिवाय नई दिल्ली स्टेशन के.
ट्रेनें भी कैंसल
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों से जुड़ी 250 से ज़्यादा ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं. रद्द की गई ट्रेनों में वे ट्रेनें शामिल हैं, जो शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशनों से चली थीं, वे जो शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच इन दो स्टेशनों पर पहुंचने वाली थीं. साथ ही बाहर जाने वाली और लोकल ट्रेन सेवाएं भी शामिल हैं. इन ट्रेनों में तेजस, राजधानी से लेकर संपूर्ण क्रांति ट्रेनें भी शामिल हैं.
दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन आज बंद रहेंगे.
दिल्ली में इंटरनेट भी सस्पेंड
सीजेपी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को देखते हुए कुछ इलाकों में इंटरनेट भी सस्पेंड कर दिए गए हैं. जी हां, केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद, शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक जंतर-मंतर के चार किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं रोक दी गई हैं. दिल्ली के बाकी हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं सामान्य रहेंगी.
कौन-कौन से मार्केट बंद?
• भागीरथ पैलेस: बिजली के उपकरण, लाइटिंग और इलेक्ट्रिकल सामान की थोक खरीदारी के लिए मशहूर यह बाजार बंद रहेगा.
• चावड़ी बाजार: कागज, प्रिंटिंग, शादी के कार्ड और स्टेशनरी से जुड़े कारोबार प्रभावित होंगे.
• जामा मस्जिद क्षेत्र: यहां की बाजारों में दुकानें बंद रहने की जानकारी है. हर दुकान की स्थिति अलग हो सकती है.
• करोल बाग: कपड़े, जूते, इलेक्ट्रॉनिक्स, आभूषण और शादी की खरीदारी के लिए आने वालों को परेशानी हो सकती है.
• न्यू लाजपत राय मार्केट: इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर, सीसीटीवी और तकनीकी सामान के कारोबार पर असर पड़ सकता है.
• लोहा बाजार: निर्माण और औद्योगिक इस्तेमाल के सामान से जुड़ा कारोबार प्रभावित रहेगा.
• मटिया महल: व्यापारियों ने बाजार बंद रखने की जानकारी दी है.
दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शन को नहीं मिली इजाजत. (फाइल फोटो)
30 जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित, इन रास्तों पर संभलकर निकलें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, शनिवार सुबह 6 बजे से जरूरत के मुताबिक यातायात में बदलाव लागू किए जा सकते हैं. धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, आईटीओ, मिंटो रोड, गुरु नानक चौक, कनॉट प्लेस, लोधी रोड फ्लाईओवर, पटेल चौक और संसद मार्ग के आसपास यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. इसके अलावा जंतर-मंतर रोड, अशोक रोड, जनपथ, टॉल्सटॉय मार्ग और विंडसर प्लेस जैसे इलाकों में भी आवाजाही प्रभावित हो सकती है. पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या एयरपोर्ट जाने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है.
25 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात, बाजारों पर भी असर
रिपोर्टों के मुताबिक, राजधानी में करीब 25 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. सीमावर्ती इलाकों, बस टर्मिनलों, होटलों और संवेदनशील स्थानों पर भी जांच बढ़ाई गई है. कनॉट प्लेस में दुकानों और रेस्तरां के बंद रहने की खबरें भी सामने आई हैं, हालांकि सभी बाजारों के बंद होने की पुष्टि नहीं है. ऐसे में अगर आज दिल्ली में निकलना जरूरी है, तो ट्रैफिक एडवाइजरी, मेट्रो की स्थिति और ट्रेन का स्टेटस पहले जरूर जांच लें. खासकर नई दिल्ली और मध्य दिल्ली जाने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि रास्ते में होने वाली परेशानी से बचा जा सके.