Uttarakhand Aaj Ka Mausam 10 October: देवभूमि उत्तराखंड के मौसम का मिजाज बदला-बदला सा नजर आ रहा है. पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में बादल मंडराने के साथ-साथ झमाझम बौछारें ही नहीं, बड़े-बड़े ओले भी गिर सकते हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र के मुताबिक, आज 10 अक्टूबर को पूरे प्रदेश के मौसम में बड़ा उथल-पुथल देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है. इतना ही नहीं, प्रदेश के सभी 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की स्थिति बनी रहेगी.
चमोली में बारिश का कहर
पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने का सीधा असर आम जनजीवन और यातायात पर दिखाई दे रहा है. चमोली के देवाल विकासखंड में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण थराली-वाण मोटर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है. शुक्रवार 9 अक्टूबर को पहाड़ी से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा अचानक सड़क पर आ गिरा, जिसकी चपेट में आकर एक वाहन मलबे के बीच फंस गया. गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन सड़क पर पानी के तेज बहाव और कीचड़ के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थानीय ग्रामीणों समेत यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई.
ऊधम सिंह नगर में भयंकर ओलावृष्टि
ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर, दिनेशपुर और बाजपुर में 9 अक्टूबर को दोपहर के समय अचानक कुदरत का कहर टूटा. क्षेत्र में करीब 12 बजे तेज आंधी-तूफान के साथ भयंकर ओलावृष्टि हुई. ओलों की मार से धान और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. आंधी इतनी तेज थी कि कई बिजली के खंभे उखड़ गए, विशालकाय पेड़ धराशायी हो गए और घरों की टीन की छतें उड़ गईं. हाईवे पर तेज हवा के थपेड़ों से एक बड़ा कंटेनर चलती कार के ऊपर जा पलटा, गनीमत रही कि कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए.
हरिद्वार में धुआंधार बारिश, रोशनाबाद और रावली में टूटे कारों के शीशे
धर्मनगरी हरिद्वार में भी शुक्रवार 9 अक्टूबर को मौसम का मिजाज अचानक पूरी तरह पलट गया. शहर और देहात क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के साथ भीषण ओलावृष्टि दर्ज की गई. तेज बारिश और झोंकेदार हवाओं के चलते कलेक्ट्रेट परिसर के पास एक पुराना पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे अफरातफरी मच गई. हरिद्वार के रोशनाबाद और रावली क्षेत्रों में असामान्य रूप से बड़े आकार के ओले गिरे, जिससे बाहर खड़ी कई गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए.
उत्तरकाशी और भटवाड़ी में बढ़ी ठिठुरन
वहीं, अगर उत्तरकाशी की बात करें तो यहां भी मौसम का कड़ा रुख देखने को मिला है. भटवाड़ी इलाके में शुक्रवार शाम से ही तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे समूची घाटी में ठंड का एहसास कई गुना बढ़ गया है. मौसम में अचानक आई इस गिरावट से पहाड़ी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है. उत्तरकाशी के काश्तकार पिछले कुछ दिनों से लगातार बिगड़ रहे मौसम को लेकर बेहद चिंतित हैं.
देहरादून और नैनीताल में बादलों का डेरा, तेज हवाओं से गिरा पारा
राजधानी देहरादून और नैनीताल में भी बादलों का पहरा मजबूत बना हुआ है. देहरादून के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते उमस भरे मौसम से राहत मिली है और गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है. वहीं नैनीताल के पहाड़ी ढलानों पर भी गरज-चमक के साथ फुहारें पड़ी हैं. मौसम केंद्र ने देहरादून और नैनीताल दोनों ही जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी दी है. मौसम में एकाएक आए इस बदलाव से ऊंचाई वाले पिकनिक स्पॉट्स पर घूमने पहुंचे सैलानियों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर होना पड़ा है.
11 से 15 अक्टूबर तक कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 11 अक्टूबर के बाद मौसम की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आएगी, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में गतिविधियां जारी रहेंगी:
- 11 अक्टूबर: पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और 3500 मीटर से ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है. मैदानी जिले हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहेगा.
- 12 अक्टूबर: देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और बर्फबारी के आसार हैं. अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा.
- 13 अक्टूबर: देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश व ऊंची चोटियों पर हिमपात संभव है. शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा.
- 14 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की वर्षा/बर्फबारी होगी, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा.
- 15 अक्टूबर: देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश व हिमपात के आसार रहेंगे, जबकि शेष जिलों में धूप खिली रहेगी.