Last Updated:
बैंकों से जुड़े फ्रॉड के मामले बिहार में बढ़े हैं. एक तरफ जहां पीएनबी में करोड़ों की रकम को गलत तरीके से इधर से उधर किए जाने की खबर है वहां बिहार के गया में एसबीआई की मानपुर शाखा में 7.96 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े के मामले में ईडी ने एक्शन लिया है. ईडी ने तत्कालीन फील्ड अधिकारी प्रीति सिंह के खिलाफ शिकायत दाखिल की है.
प्रतीकात्मक फोटो
गया: बिहार में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की गया स्थित मानपुर शाखा में फर्जीवाड़े की खबर सामने आई है. यहां फर्जी दस्तावेजों के सहारे 68 ओवरड्राफ्ट खाते खोलकर बैंक को 7.96 करोड़ रुपये का चूना लगाने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने तत्कालीन फील्ड अधिकारी प्रीति सिंह के खिलाफ पटना स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय में अभियोजन शिकायत दाखिल की है. इसमें आरोपित के खिलाफ मुकदमा चलाने और सजा देने की मांग की गई है.
ईडी की जांच में सामने आया कि प्रीति सिंह ने बैंक में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अभिलेखों में हेरफेर की. प्रीति ने फर्जी खाते बनाए, सावधि जमा (एफडी) पर बैंक का अधिकार हटाया और एक ही जमा राशि को बार-बार गारंटी के रूप में इस्तेमाल कर ओवरड्राफ्ट की सुविधा ली. इस तरह अपने और रिश्तेदारों के नाम पर 68 खाते स्वीकृत कराए और संचालित किए.
जांच में सामने आया कि इस धोखाधड़ी से 7,96,00,916 रुपये की रकम अर्जित की गई. आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल प्रीति सिंह अपने और परिवार के निजी खर्चों के साथ एक और ऋण लेने के लिए नई एफडी जमा बनाने में किया. ईडी ने सीबीआई की एफआईआर और 30 दिसंबर 2022 को दाखिल आरोपपत्र के आधार पर धनशोधन मामले की जांच शुरू की थी. जांच पूरी होने के बाद 30 सिंतबर 2026 को धनशोधन निवारण अधिनियम पीएमएलए के तहत विशेष अदालत में ईडी ने अभियोजन शिकायत दाखिल की है.
मुजफ्फरपुर में पीएनबी के खाता धारकों से 1.29 करोड़ की ठगी का मामला
बिहार के मुजफ्फरपुर से बैंक के खाता धारकों से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. यहां मुजफ्फरपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के खाता धारकों से 1.29 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है. इस मामले में ईडी ने छह आरोपितों के खिलाफ विशेष अदालत में अभियोजन शिकायत दाखिल की है. मिली जानकारी के मुताबिक, मोबाइल सिम बदलकर खातों से रुपये निकाले गए हैं. चार बैंक खातों में 83 लाख रुपये मिले हैं जिन्हें फ्रीज कर दिया गया है.
ये हैं आरोपी
ईडी ने पटना स्थित धनशोधन निवारण अधिनियम पीएमएलएल की विशेष अदालत में शिकायत दाखिल कर आरोपितों को दोषी ठहराने की मांग की. आरोपी मोहम्मद जफर इकबाल, नितेश कुमार सिंह, संतोष आनंद, राजेश कुमार, मंझय कुमार सिंह और कुंदन कुमार आरोपी हैं.