Last Updated:
Flight Ticket : फेस्टिव सीजन शुरू होने वाला है और इसके साथ ही ट्रेनों और फ्लाइट में सीटों की डिमांड भी शुरू हो गई है. दिल्ली-पटना या मुंबई-पटना रूट की ज्यादातर ट्रेनें तो पहले ही दिवाली-छठ के दौरान फुल हो चुकी हैं और अब हवाई किराया भी आसमान पर पहुंच रहा है. फ्लेक्सी फेयर लागू होने की वजह से त्योहारी सीजन में डिमांड बढ़ते ही हवाई किराया बेकाबू हो चला है.
दिवाली-छठ पर ट्रेन और फ्लाइट की डिमांड काफी बढ़ जाती है.
नई दिल्ली. दिवाली और छठ पर हर साल लाखों लोग दूर देश से अपने घरों को लौटते हैं. यात्रियों की संख्या में अचानक आई इस तेजी के कारण रेल और हवाई टिकट दोनों की ही डिमांड काफी बढ़ जाती है. अब ट्रेनों में तो सीटें खुलते ही फुल हो जाती हैं और हवाई सफर इतना महंगा हो जाता है कि कुछ रूट पर तो आम आदमी के लिए हवाई सफर करना आसमान से तारे तोड़ने जितना मुश्किल हो जाता है. ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले प्लेटफॉर्म पर नजर डालें तो साफ दिख रहा है कि अभी दिल्ली से पटना का जो टिकट 6 से 7 हजार में मिल रहा है, वह दिवाली के आसपास 27 हजार का पहुंच जाता है.
देश में हवाई किराये पर फ्लेक्सी फेयर का नियम लागू होता है. इसका मतलब है कि डिमांड जितनी ज्यादा बढ़ेगी विमानन कंपनियां अपना किराया उतना ही ज्यादा बढ़ा सकती हैं. यही वजह है कि त्योहारी सीजन में जब डिमांड बढ़ जाती है तो विामनों का किराया भी आसमान पर पहुंच जाता है. अब दिवाली और छठ के आसपास का ही सीजन देख लीजिए. इस दौरान दिल्ली से पटना जाने वाली फ्लाइट का किराया काफी ज्यादा बढ़ गया है या यूं कहें कि कई गुना बढ़ चुका है.
दिल्ली से पटना का कितना किराया
ऑनलाइन फ्लाइट टिकट बुक करने वाले प्लेटफॉर्म मेकमाईट्रिप पर नजर डालें तो साफ दिख रहा है कि 19 या 20 अक्टूबर की टिकट 6,636 रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू होती है, लेकिन यही टिकट दिवाली के आसपास 7 नवंबर को 19,483 रुपये प्रति व्यक्ति पहुंच जाती है. इतना ही नहीं आपको इस दिन के लिए अभी से दिल्ली-पटना रूट का टिकट 27,137 रुपये में मिल रहा है. अगर आप 13 से 16 नवंबर तक चलने वाली छठ पूजा के दौरान दिल्ली-पटना का हवाई टिकट देखें तो अभी 12 से 14 नवंबर तक एक टिकट करीब 11 हजार से शुरू होकर 27 हजार तक जाता है.
मुंबई से पटना रूट पर कितना किराया
अगर कोई व्यक्ति दिवाली के दौरान मुंबई से पटना जाना चाहता है तो उसे अपनी महीनेभर की कमाई टिकट पर खर्च करनी पड़ सकती है. मेकमाईट्रिप पर अभी 5 नवंबर को प्रति व्यक्ति टिकट प्राइस 25,494 रुपये से शुरू होकर 29,685 रुपये तक जाती है. 6 और 7 नवंबर को यह कीमत 21,758 रुपये से शुरू होकर 33,333 रुपये तक जाती है. अगर छठ से पहले 12 और 13 नवंबर की टिकट देखें तो इसकी शुरुआत 18,608 रुपये से शुरू होकर 29,685 रुपये तक जाती है.
बैंगलुरु से पटना तक कितना खर्चा
अगर आप बैंगलुरु से पटना तक हवाई जहाज से जाना चाहते हैं तो 7 नवंबर को 25,053 रुपये से टिकट की शुरुआत होती है और 29,178 रुपये तक जाती है. 6 नवंबर को तो टिकट की शुरुआत 26 हजार से हो रही और 29,178 तक जाती है. अगर छठ के दौरान जाना है तो 11 नवंबर को टिकट की कीमत 16 हजार से लेकर 24 हजार तक है, जबकि 14 नवंबर को यह 19 हजार से लेकर 24 हजार तक जाती है.