आखिर हरिद्वार में क्यों गिरे ओले? सड़कों-गलियों में बिछ गई सफेद चादर, कार-बाइक सब चकनाचूर


Last Updated:

Haridwar Hailstrom News: उत्तराखंड के हरिद्वार में मानसून की विदाई के बाद अचानक हुए भयंकर मौसम बदलाव ने सबको चौंका दिया है. आसमान से गिरे बड़े-बड़े ओलों और मूसलाधार बारिश ने सड़कों पर अफरा-तफरी मचा दी, जिससे कई वाहनों के शीशे तक टूट गए. इस अचानक हुई ओलावृष्टि ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर मानसून जाने के बाद इतने बड़े पैमाने पर ओले क्यों गिर रहे हैं और इसके पीछे मौसम के क्या संकेत हैं?

Top Deals Inside

हरिद्वार में क्यों गिरे ओले? सड़कों पर बिछ गई सफेद चादर, कार-बाइक सब चकनाचूरZoom

हरिद्वार में भारी ओलावृष्टि ने सबकों चौंकाया.

Haridwar News: हरिद्वार में जहां बारिश का मौसम बीतने के बाद गुलाबी सर्दी आहट दे रही है. वहीं, शुक्रवार को अचानक आसमान से मौत का तांडव हुआ. दरअसल, प्रकृति का एक ऐसा रौद्र रूप देखने को मिला, जिसने कुछ ही पलों में पूरे शहर की रफ्तार थाम दी. सुबह अचानक बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया. आसमान में घने काले बादल छाने के बाद शुरू हुई मूसलाधार बारिश के साथ ही भारी ओलावृष्टि शुरू हो गई.

गाड़ियों के शीशे टूटे

इस भीषण ओलावृष्टि का सबसे बुरा असर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर पड़ा. बड़े आकार के ओले गिरने के कारण कई कारों और दोपहिया वाहनों के शीशे पूरी तरह टूट गए, जिससे वाहन मालिकों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा. अचानक आए इस मौसम बदलाव ने लोगों को दहशत में डाल दिया. हालांकि इस घटना के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन इस आपदा जैसी ओलावृष्टि ने शहर की व्यवस्था को हिलाकर रख दिया.

क्या हैं इसके पीछे के मौसम वैज्ञानिक संकेत?

लोगों के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि जब मानसून की विदा हुए काफी समय हो चुका है, तब आखिर अचानक इस तरह आसमान से ओले क्यों गिर रहे हैं और इसके क्या संकेत हैं? मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस तरह की असामयिक ओलावृष्टि और मौसमी उथल-पुथल के पीछे कई वातावरणीय कारक जिम्मेदार होते हैं.

  1. पश्चिमी विक्षोभ का असर: उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में कई बार मानसून के बाद भी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऊपरी वायुमंडल में अचानक नमी और ठंडक बढ़ जाती है. जब गर्म सतह की हवा ऊपर उठकर ठंडी हवा के संपर्क में आती है, तो बादलों में संघनन (Condensation) की प्रक्रिया बहुत तेजी से होती है, जिससे बड़े-बड़े ओलों का निर्माण होता है.
  2. स्थानीय स्तर पर तापमान में असंतुलन: दिन के समय तापमान में गर्मी और वायुमंडल के ऊपरी स्तर पर अचानक आए भारी दबाव के अंतर के कारण क्युमुलॉनिम्बस बादल विकसित होते हैं. ये वही बादल हैं जो मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और भयंकर ओलावृष्टि का कारण बनते हैं.
  3. जलवायु परिवर्तन के संकेत: जानकारों का मानना है कि ग्लोबल वार्मिंग और क्लाइमेट चेंज की वजह से मौसम के पारंपरिक चक्र में बड़ा बदलाव आया है. अब बारिश और ओलावृष्टि के महीने सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि ऑफ-सीजन में भी इस तरह की चरम मौसमी घटनाएं (Extreme Weather Events) तेजी से बढ़ रही हैं.

जनजीवन पर असर और चेतावनी

हरिद्वार में हुई इस ओलावृष्टि ने न केवल यातायात और आम जनजीवन को प्रभावित किया, बल्कि किसानों की बची-खुची फसलों के लिए भी खतरे की घंटी बजा दी है. इस तरह की घटनाएं यह संकेत देती हैं कि आने वाले दिनों में पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मौसम बार-बार करवट लेगा. मौसम विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. यह वेदर फिनोमिना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि प्रकृति का संतुलन बिगड़ रहा है, जिसके प्रति अब अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है.



Source link