Last Updated:
Patanjali Cow Ghee: मध्य प्रदेश में पतंजलि गाय के घी का एक बैच लैब की जांच में फेल हो गया है और इसे असुरक्षित बताया गया है. इसके बाद प्रशासन ने इस बैच के घी को बाजार से वापस मंगाने के आदेश जारी किए हैं. त्योहारों को लेकर खराब पदार्थों को लेकर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. बताया जा रहा है कि अप्रैल 2026 में बना बैच असफल पाया गया है.
पतंजलि गाय का एक बैच मध्य प्रदेश में अनसेफ
Madhya Pradesh Patanjali Cow Ghee: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में त्योहारों का मौसम नजदीक आते ही बाजारों में मिलावटखोरों और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है. इसी बीच बाबा रामदेव की मशहूर कंपनी पतंजलि के गाय के घी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. खाद्य सुरक्षा प्रशासन की लैब जांच में पतंजलि घी (Patanjali Cow Ghee) का एक खास बैच ‘असुरक्षित’पाया गया है. रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है और प्रभावित बैच को तुरंत बाजार से वापस मंगाने का आदेश जारी किया है.
तामिया की किराना दुकान से लिया गया था सैंपल
यह पूरा मामला तब सामने आया जब खाद्य विभाग की टीम ने तामिया में मौजूद एक स्थानीय किराना दुकान से पतंजलि गाय के घी के 200 एमएल (200 ml) के पैक का सैंपल जांच के लिए भेजा था. जब लैब से इसकी टेस्ट रिपोर्ट आई, तो नमूना गुणवत्ता के मानकों पर पूरी तरह फेल साबित हुआ. खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुखबीर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल तामिया की उस दुकान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जहां-जहां इस खास बैच की आपूर्ति हुई है, वहां से पूरा स्टॉक जब्त या वापस लिया जाएगा.
अप्रैल 2026 मैन्युफैक्चरिंग बैच पर गाज
खाद्य विभाग के अनुसार अप्रैल 2026 में मैन्युफैक्चर हुआ 200ml का यह संबंधित बैच अमानक पाया गया है. अधिकारियों का कहना है कि अगर इस आदेश के बाद भी बाजार या किसी दुकान में इस अमानक बैच का पतंजलि गाय का घी बिकता हुआ पाया जाता है, तो विक्रेता और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आम लोगों की बढ़ रही चिंता
त्योहारों के सीजन में लोग घी और मिठाइयों की जमकर खरीदारी करते हैं. ऐसे में ब्रांडेड और नामी कंपनियों के घी के सैंपल फेल होने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है. इसके अलावा सेहत को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है.
(रिपोर्ट-आचार्य शिवकांत)