Jamui News: ई-रिक्शा में मौत बनकर फटी बैटरी, 12वीं की छात्रा बुरी तरह झुलसी, हालत नाजुक


Last Updated:

जमुई के महिसौरी इलाके में ई-रिक्शा की बैटरी में शॉर्ट सर्किट के बाद विस्फोट हो गया. हादसे में चार लोग घायल हो गए. इनमें 12वीं की छात्रा नेहा कुमारी करीब 80 प्रतिशत झुलस गई है. डॉक्टर नीरज साव के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर है और बचने की संभावना कम है. छात्राएं कोचिंग से लौट रही थीं. ई-रिक्शा से धुआं निकलने पर उन्होंने चालक को बताया, लेकिन उसके कान में हेडफोन लगा था. हादसे के बाद चालक फरार हो गया.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

ई-रिक्शा में मौत बनकर फटी बैटरी, 12वीं की छात्रा बुरी तरह झुलसी, हालत नाजुकZoom

ई-रिक्शा में लगी आग

जमुई: शहर के महिसौरी इलाके में शुक्रवार को एक ई-रिक्शा में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट हुआ. इस हादसे में ई-रिक्शा पर सवार चार लोग घायल हो गए. घायलों में 12वीं कक्षा की छात्रा नेहा कुमारी की हालत गंभीर है. वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गई है. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाज कर रहे डॉक्टर नीरज साव के मुताबिक, छात्रा की हालत बेहद गंभीर है. उसके बचने की संभावना कम है. वहीं, एक अन्य घायल खतरे से बाहर है.

ई-रिक्शा से निकलने लगा था धुआं
जानकारी के मुताबिक कुछ छात्राएं कोचिंग से पढ़ाई करके घर लौट रही थीं. वे ई-रिक्शा की पिछली सीट पर बैठी थीं. इसी दौरान ई-रिक्शा से अचानक धुआं निकलने लगा. छात्राओं ने धुआं देखकर ड्राइवर को इसकी जानकारी दी, लेकिन चालक के कान में हेडफोन लगा हुआ था. आरोप है कि वह छात्राओं की बात पर ध्यान नहीं दे पाया. कुछ ही देर बाद ई-रिक्शा की बैटरी में विस्फोट हो गया और रिक्शें में आग लग गई. अचानक हुए धमाके से ई-रिक्शा में बैठे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

कुछ लोगों ने कूदकर बचाई जान
बैटरी में विस्फोट होने से पहले ही ई-रिक्शा में सवार कुछ लोग वाहन से कूद गए. इससे वे आग की चपेट में आने से बच गए. हालांकि, पिछली सीट पर बैठी नेहा कुमारी आग की चपेट में आ गई और बुरी तरह झुलस गई. हादसे में कुल चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची. स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों की मदद से ई-रिक्शा में लगी आग पर काबू पाया गया.

हादसे के बाद चालक फरार
घटना के बाद ई-रिक्शा का चालक मौके से फरार हो गया. फिलहाल, हादसे के कारणों को लेकर शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट और बैटरी में विस्फोट की बात सामने आई है. छात्राओं के मुताबिक, आग लगने से पहले वाहन से धुआं निकल रहा था. अगर चालक समय रहते इस पर ध्यान देता, तो शायद हादसे को टाला जा सकता था. इस घटना ने ई-रिक्शा की बैटरी की सुरक्षा और वाहन चलाते समय चालक की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.



Source link