दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल का खौफनाक कदम, पहले पत्नी की छीन ली जिंदगी, फिर खुद भी मौत को लगा लिया गले

दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल का खौफनाक कदम, पहले पत्नी की छीन ली जिंदगी, फिर खुद भी मौत को लगा लिया गले


होमताजा खबरDelhi

दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने छीनी पत्नी की जिंदगी, खुद भी मौत को लगाया गले

Last Updated:

दिल्ली के नरेला इलाके में 36 वर्षीय दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल मोनू और उसकी पत्नी की मौत का मामला सामने आया है. घटना के वक्त दंपति के दोनों बच्चे घर से बाहर गए हुए थे. घर लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला. बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और खिड़की से अंदर देखा तो पत्नी का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि मोनू फंदे से लटका मिला. पड़ोसियों ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी.

Zoom

नरेला में घटना के बाद मौके पर जांच करती हुई दिल्ली पुलिस की टीम. (Video Grab)

दिल्‍ली क्राइम न्‍यूज. दिल्ली के नरेला इलाके में एक पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी की मौत से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 36 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है. मोनू दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसने पहले अपनी पत्नी की जान ली और इसके बाद खुद भी फंदे से लटक गया. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के समय दंपति के दोनों बच्चे घर से बाहर गए हुए थे. कुछ समय बाद जब बच्चे घर लौटे तो उन्हें घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला. बताया जा रहा है कि बच्चों के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए.

खिड़की से देखा तो सामने था खौफनाक मंजर
पड़ोसियों ने जब काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुलवाया तो उन्होंने खिड़की से अंदर देखने की कोशिश की. अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे में मोनू की पत्नी का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि मोनू फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया. इसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए 112 नंबर पर कॉल किया. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

घटना का सच जानने के लिए जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए मौके से साक्ष्‍यों को जुटाना शुरू कर दिया है. साथ ही, पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि मोनू ने पहले अपनी पत्नी की जान ली और इसके बाद फंदे से लटक गया. हालांकि, इस घटना के पीछे असल वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो पाई है.

सभी पहलुओं में मामले को खंगाल रही है पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दंपति के बीच किसी तरह का विवाद चल रहा था या फिर कोई दूसरी वजह इस घटना के पीछे थी. पुलिस परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.



Source link