Asian Games 2026: भारत-बांग्लादेश में फाइनल की टिकट के लिए जंग, जानिए किसका पलड़ा भारी

Asian Games 2026: भारत-बांग्लादेश में फाइनल की टिकट के लिए जंग, जानिए किसका पलड़ा भारी


नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान में उतरेगी. मौजूदा चैंपियन भारत की नजरें एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए एशियन गेम्स फाइनल में जगह पक्की करने पर होंगी. भारतीय टीम ने अपने खिताब की रक्षा की शुरुआत बेहद शानदार और एकतरफा अंदाज में की है. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हरमनप्रीत कौर एंड कंपपी ने मेजबान जापान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी. जापान की ओर से रखे गए मामूली लक्ष्य को भारत ने 5 ओवर में हासिल कर लिया था.जिससे टीम के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है. हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा.

दूसरी ओर, बांग्लादेश को सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए मैदान पर ज्यादा पसीना नहीं बहाना पड़ा. चीन के खिलाफ उनका क्वार्टर फाइनल मुकाबला आउटफील्ड गीली होने के कारण बिना किसी गेंद के रद्द कर दिया गया था. हालांकि, आईसीसीसी रैंकिंग में चीन से बेहतर स्थिति में होने के आधार पर बांग्लादेश ने अंतिम चार में अपनी जगह बनाई.

भारत का बांग्लादेश पर एकतरफा दबदबा
अगर भारत और बांग्लादेश के बीच टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो भारत का पलड़ा पूरी तरह से भारी नजर आता है. दोनों देशों के बीच अब तक खेले गए कुल 25 आमने-सामने के मुकाबलों में भारत ने 22 मैचों में जीत दर्ज की है. बांग्लादेश की टीम भारत को आखिरी बार तीन साल पहले, यानी साल 2023 में हराने में सफल रही थी. इसके बाद से भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ लगातार नौ मुकाबलों में जीत का परचम फहराया है. हाल ही में आयोजित एशिया कप के सेमीफाइनल में भी कप्तान हरमनप्रीत कौर की सेना ने बांग्लादेश को 40 रनों से एकतरफा अंतर से शिकस्त दी थी.

भारतीय गेंदबाजों का घातक प्रदर्शन
जापान के खिलाफ मैच में भारतीय गेंदबाजों को पिच से काफी मदद मिली, जहां टर्न और उछाल का मिश्रण देखने को मिला. बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने अपने एशिया कप के शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए घातक गेंदबाजी की. उनका साथ पार्ट-टाइम स्पिनर शेफाली वर्मा और अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और चोट से तीन महीने बाद वापसी कर रहीं श्रेयंका पाटिल ने बखूबी निभाया. भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने जापानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया.

स्टार बल्लेबाजों की वापसी की उम्मीद
बल्लेबाजी की बात करें तो जापान के खिलाफ मात्र 58 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने अकेले दम पर मैच खत्म कर दिया. इस मैच में उप-कप्तान स्मृति मंधाना (Harmanpreet Kaur) और कप्तान हरमनप्रीत कौर को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था. हालांकि, सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ इन दोनों स्टार बल्लेबाजों के मैदान पर उतरने और रन बनाने की पूरी उम्मीद है.

स्पिन गेंदबाजों पर टिकी बांग्लादेश की उम्मीदें
बांग्लादेश की टीम भारतीय बल्लेबाजों को रोकने के लिए अपनी स्पिन गेंदबाजों पर काफी निर्भर करेगी. बांग्लादेशी टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि नाहिदा अख्तर और राबेया खान पिच की परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारत के आक्रामक टॉप-ऑर्डर पर दबाव बनाएंगे. एशियाई परिस्थितियों में स्पिन का रोल हमेशा अहम रहता है और बांग्लादेशी गेंदबाज भारतीय पारी को सीमित करने का प्रयास करेंगे.

ओवरकॉन्फिडेंस से बचना चाहेगा भारत
बेशक, आंकड़े पूरी तरह से भारत के पक्ष में हैं, लेकिन सेमीफाइनल का दबाव और एक हार का झटका किसी भी टीम का सफर समाप्त कर सकता है. यही वजह है कि भारतीय टीम हालिया रिकॉर्ड्स के आधार पर किसी भी तरह की लापरवाही या अति-आत्मविश्वास से बचना चाहेगी. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम एक और स्वर्ण पदक की ओर मजबूती से कदम बढ़ाने के लिए बेताब है.

दोनों टीमों के स्क्वॉड
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, नंदनी शर्मा.

बांग्लादेश: निगार सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर (उप-कप्तान), दिलारा अख्तर, फहीमा खातून, फरिहा त्रिश्ना, जुआयरिया फेरदोस, मारुफा अख्तर, सोभना मोस्तारी, राबेया खान, रितु मोनी, संजीदा अख्तर मेघला, सरमीन सुल्ताना, शार्मिन अख्तर, शोर्ना अख्तर, सुल्ताना खातून.



Source link