Last Updated:
Kota Blind Murder Case: कोटा की क्रेशर बस्ती में खाली भूखंड में मिले 25 वर्षीय महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. महिला की हत्या उसी के देवर देवा पटवा ने गला घोंटकर की थी और शव को पानी में फेंक दिया था. मृतका की पहचान उसके हाथ पर बने ट्रिपल स्टार टैटू से हुई. निशा ओडिशा की रहने वाली थी और पति की मौत के बाद यहां रह रही थी. मेडिकल बोर्ड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने और हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है. वारदात के बाद फरार हुए आरोपी देवर को पुलिस ने कनवास के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है.
Kota Blind Murder: हाथ पर गुदे ट्रिपल स्टार से सुलझी हत्या की गुत्थी, देवर गिरफ्तार
कोटा: कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में करीब एक सप्ताह पहले क्रेशर बस्ती में मिले महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. खाली भूखंड में भरे पानी के अंदर मिले 25 वर्षीय महिला के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला की मौत डूबने से नहीं बल्कि उसकी हत्या की गई थी. इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए पुलिस ने मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान देवा पटवा निवासी देवा कनवास के रूप में हुई है, जिसे कनवास के जंगलों से पकड़ा गया.
इस पूरे मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना था. शव पानी में उल्टी अवस्था में पड़ा हुआ था और काफी खराब स्थिति में था. पुलिस ने जब शव को बाहर निकाला तो महिला के हाथ पर एक खास निशान मिला. उसके हाथ पर ट्रिपल स्टार गुदा हुआ था. इसी टैटू के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच की दिशा तय की. शव मिलने के बाद पुलिस ने क्रेशर बस्ती और आसपास के 200 से 500 मीटर के दायरे में सघन जांच अभियान चलाया. स्थानीय लोगों से लगातार पूछताछ की गई और टैटू के बारे में जानकारी जुटाई गई. कड़ी मशक्कत के बाद मृतका की पहचान निशा निवासी ओडिशा के रूप में हुई. जांच में पता चला कि उसका ससुराल कोटा ग्रामीण के कनवास क्षेत्र में था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि शायद महिला की मौत पानी में डूबने से हुई है. लेकिन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही पूरे मामले ने एक नया मोड़ ले लिया. रिपोर्ट में साफ हुआ कि महिला के फेफड़ों में पानी नहीं था, बल्कि उसकी मौत गला दबाने से हुई थी. रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि गला घोंटने के कारण महिला के गले की हड्डी टूट गई थी. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसे खाली भूखंड में भरे पानी में फेंक दिया गया था.
विवाद के बाद देवर ने रची खौफनाक साजिश
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया है कि मृतका निशा के पति की करीब तीन महीने पहले ही मौत हो गई थी. पति की मौत के बाद निशा क्रेशर बस्ती में रहने लगी थी. वह वहां मेहनत-मजदूरी करके अपना जीवन यापन कर रही थी. जानकारी के अनुसार, पति के निधन के बाद वह अन्य युवक और अपने देवर देवा के साथ रह रही थी. इसी दौरान घर में किसी बात को लेकर देवर देवा के साथ उसका तीखा विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर देवा ने अपनी भाभी निशा का गला दबा दिया.
कनवास के जंगलों से आरोपी गिरफ्तार
हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी देवर देवा फरार चल रहा था. वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था. अनंतपुरा थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित कीं. मुखबिरों की सूचना और तकनीकी मदद के आधार पर पुलिस ने कनवास के जंगलों में दबिश दी. वहां से पुलिस ने आरोपी देवा पटवा को धर दबोचा.