MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम पांच बजे दीनदयाल उपाध्याय ऑडियोरियम पहुंचेंगे. वह साइबर जागृति अभियान एवं ट्रैफिक हैकाथॉन कार्यक्रम में शामिल होंगे. शाम 5:45 बजे सेवा संकल्प कॉन्क्लेव में शामिल होंगे. सीएम शाम 7 बजे करमा तिहार कार्यक्रम में शामिल होंगे. इनडोर स्टेडियम में करमा तिहार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री रात 9 बजे अपने निवास लौटेंगे.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज हरदा दौरे पर
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज हरदा जिले के प्रवास पर रहेंगे. जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12:35 बजे हेलीकॉप्टर से हरदा पहुंचेंगे. वह जिला चिकित्सालय का भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे. वृद्धाश्रम का निरीक्षण करेंगे. मुख्यमंत्री जिला पंचायत हरदा में आयोजित उद्यमी संवाद, यशस्वी संवाद, अग्रणी कृषि संवाद, आम जन संवाद, जिला स्तरीय समीक्षा बैठक और समाधान ऑनलाइन शिकायत निवारण कार्यक्रम में शामिल होंगे. सीएम शाम 4:10 बजे हरदा से भोपाल के लिए रवाना होंगे.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मुंबई से लाए बड़ा निवेश
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मुंबई से बड़ा निवेश लाए हैं. मुंबई रोड शो में 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले. सीएम ने मुंबई में उद्योग प्रतिनिधियों से वन-टू-वन चर्चा की. नए निवेश और औद्योगिक विस्तार पर सार्थक संवाद हुआ. फार्मा, टेक्सटाइल, सीमेंट, दूरसंचार, डेटा सेंटर और हरित अधोसंरचना क्षेत्र की परियोजनाओं पर चर्चा हुई. जेएसडब्ल्यू ग्रुप ने सीमेंट, पेंट समेत अन्य व्यवसायों के विस्तार में रुचि दिखाई. अक्षय ऊर्जा और भंडारण में अवादा का 22,156 करोड़ रुपये का निवेश का प्रस्ताव है. पीथमपुर में एनक्यूब एथिकल्स का 1200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश का प्रस्ताव है. छिंदवाड़ा में हिंदुस्तान यूनिलीवर का 800 से 1000 करोड़ रुपये के निवेश विस्तार का प्रस्ताव है. ग्वालियर में 200 करोड़ रुपये की दूरसंचार उपकरण इकाई का प्रस्ताव मिला है. ब्लैक स्टोन और वनराज रियल्टी लॉजिस्टिक्स रियल एस्टेट में निवेश करेंगे. ‘सिफी’ ने प्रदेश में हाइपरस्केल और एआई-रेडी डेटा सेंटर में रुचि दिखाई. इन्फ्रा मार्केट निर्माण सामग्री क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगा. डी एंड एच इंडिया इंदौर के पास 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगा. ई-बस, बायोगैस और स्मार्ट मीटर परियोजनाओं में एवरसोर्स का 3500 करोड़ रूपये का निवेश प्रस्ताव मिला है. मीरा कॉटन 2000 करोड़ रुपये टेक्सटाइल में निवेश करेगा. सनटेक रियल्टी ने जीसीसी, डेटा सेंटर और लॉजिस्टिक्स में निवेश की रुचि दिखाई. इंडियन डायमंड सीमेंट एमपी में 3000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा.
सूरजपुर दोहरे हत्याकांड के दोषियों को मिली फांसी की सजा, परिजनों ने मनाई दीवाली
पुलिस लाइन सूरजपुर में पुलिसकर्मियों और पुलिस के परिजनों ने दोहरे हत्याकांड मामले में दोषियों को फांसी की सजा मिलने पर जमकर जश्न मनाया. उन्होंने आतिशबाजी की और दीये जलाए. दोहरे हत्याकांड में चार दोषियों में से तीन को फांसी की सजा सुनाई गई है और एक को आजीवन कारावास की सजा मिली है. कुलदीप साहू, रिंकू उर्फ फूल सिंह और चंद्रकांत चौधरी (पूर्व NSUI जिलाध्यक्ष) को फांसी की सजा होगी. आर्यन उर्फ गोल्डी को आजीवन कारावास की सजा मिली है. जिला न्यायालय के फास्टट्रैक कोर्ट के न्यायाधीश आनंद प्रकाश ने सजा सुनाई है.