Last Updated:
बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है. पटना समेत 18 जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी हुआ है. 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 10 अक्टूबर से मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटना: बिहार में मानसून की विदाई का दौर जारी है. इसी बीच मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को राज्य के 18 जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन 18 जिलों में अलर्ट जारी
- जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर और रोहतास शामिल हैं. इसके अलावा अरवल, औरंगाबाद, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर में भी मौसम खराब रहने की आशंका है .इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने का खतरा बना हुआ है.
बिहार वेदर अपडेट
पटना समेत अन्य जिलों का हाल
- दूसरी ओर, राजधानी पटना, नालंदा, गया, नवादा और शेखपुरा समेत अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहने का अनुमान है. हालांकि, पटना में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है. दिनभर गर्म और उमस भरा माहौल बना रहेगा. पटना का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
10 अक्टूबर से साफ हो जाएगा मौसम
- मौसम विभाग के अनुसार 10 अक्टूबर के बाद से प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ होने लगेगा. विभाग ने 10 और 11 अक्टूबर के लिए बारिश या आंधी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इसका मतलब है कि राज्य में मौसमी गतिविधियां काफी थम जाएंगी. हालांकि, स्थानीय कारणों से कहीं-कहीं हल्के बादल या छिटपुट बूंदें गिर सकती हैं. अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. दिन का तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा.
क्यों हो रही है अचानक बारिश?
- मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पूर्वोत्तर बिहार और उसके आसपास के इलाके में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है. यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है. इसी सिस्टम से होकर एक ट्रफ लाइन झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से गुजरते हुए तेलंगाना तक जा रही है. इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है. इन दोनों मौसमी सिस्टम के प्रभाव से बिहार में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बनी हुई है.
बिहार से मानसून की विदाई जारी
- दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे बिहार से विदा हो रहा है. 8 अक्टूबर को यह महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों से पूरी तरह लौट चुका है. वर्तमान में मानसून की वापसी रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर गुजर रही है. इससे साफ है कि बिहार से भी मानसून की विदाई की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है.
पिछले 24 घंटे का तापमान
- बीते 24 घंटे में पटना, बेगूसराय, मधुबनी, अररिया, सुपौल, बगहा और समस्तीपुर में अच्छी बारिश दर्ज की गई. गुरुवार को राज्य में सबसे गर्म इलाका कैमूर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा पटना में तापमान 28.5 डिग्री, गया में 28 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 26.4 डिग्री और भागलपुर में 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.