Congress-SP Protest LIVE: सपा सांसद रामजीलाल सुमन हुए हाउस अरेस्ट, यूपी में जगह-जगह CEC के खिलाफ हल्ला बोल

Congress-SP Protest LIVE: सपा सांसद रामजीलाल सुमन हुए हाउस अरेस्ट, यूपी में जगह-जगह CEC के खिलाफ हल्ला बोल


लखनऊ : राहुल गांधी आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन कर सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं के साथ आज ममता बनर्जी भी जंतर-मंतर पहुंचेंगी. वहीं, प्रयागराज में कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस नेता आज विरोध प्रदर्शन करेंगे. देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत शाम 5:30 बजे सिविल लाइन्स स्थित धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ता जुटेंगे. कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, धरना स्थल पर प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता सिविल लाइन्स से सुभाष चौराहे तक मशाल जुलूस निकालेंगे. प्रदर्शन में शहर और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है. कांग्रेस प्रदर्शन से जुड़े हर पल की जानकारी के लिए पढ़ते रहिए न्यूज 18 की इस लाइव कॉपी को.

राहुल-प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने पर महोबा में भड़के कांग्रेसी, काली पट्टी बांधकर किया जोरदार प्रदर्शन

दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में महोबा में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर जिले के कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया. आक्रोशित कांग्रेसियों ने रामलीला मैदान से लेकर आल्हा चौक तक सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से तत्काल इस्तीफे की मांग की है.

संभल: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों का जंतर-मंतर जाने का ऐलान, पुलिस ने किया नजरबंद

उत्तर प्रदेश के संभल में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया है. पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज कांग्रेसियों ने प्रशासन पर उन्हें बलपूर्वक नजरबंद करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस पुलिसिया एक्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता मुशीर तरीन ने साफ ऐलान किया है कि उनका विरोध दबने वाला नहीं है और अब वे सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर जाकर अपना प्रदर्शन करेंगे.

प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा हिरासत में

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वोटर सूची और SIR (स्पेशल समरी रिवीजन) में कथित हेराफेरी के विरोध में प्रदर्शन कर रहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा नेहरू भवन से गांधी प्रतिमा तक शांतिपूर्वक पैदल मार्च निकाला जा रहा था. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोका और आराधना मिश्रा ‘मोना’ समेत कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया. कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में गड़बड़ी और नाम हटाने की कार्रवाई कर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.

सीतापुर में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से धक्कामुक्की

सीतापुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. पुतला फूंकने को लेकर पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्कामुक्की और नोकझोंक हुई. सपा कार्यकर्ता अलग-अलग टुकड़ियों में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे. कलेक्ट्रेट परिसर में भी कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष जासमीर अंसारी मौजूद रहे. सपा के प्रदर्शन को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई थी. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

आगरा में सपा सांसद रामजीलाल सुमन हाउस अरेस्ट, ज्ञानेश कुमार पर बोला हमला

आगरा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया. पुलिस ने उन्हें कलेक्ट्रेट में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाने से रोक दिया. हरिपर्वत स्थित उनके आवास पर पुलिस की तैनाती रही. इस दौरान रामजीलाल सुमन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार भाजपा का अंग बनकर काम कर रहे हैं. सुमन ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग की.

उन्नाव में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, निकाला पैदल मार्च

उन्नाव में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया. सपा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से डीएम कार्यालय तक करीब 3 किलोमीटर का पैदल मार्च निकाला. कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘ज्ञानेश इस्तीफा दो, लोकतंत्र बचाओ’ लिखी तख्तियां थीं. सपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में वोट चोरी का आरोप लगाया. प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान बचाने का संदेश दिया. कार्यकर्ताओं ने ‘जहां विपक्ष खत्म, वहां लोकतंत्र खत्म’ का नारा भी लगाया.

आगरा में CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा का प्रदर्शन, पुलिस ने रोका पैदल मार्च
आगरा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. सपाइयों ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला. पुलिस ने रास्ते में प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर कहासुनी हुई. हालांकि, कुछ सपा कार्यकर्ता एमजी रोड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गए. यहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा.

प्रयागराज में कथित वोट चोरी को लेकर सपा का प्रदर्शन, CEC के इस्तीफे की मांग
प्रयागराज में कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर पार्टी कार्यालय से बालसन चौराहे तक जुलूस निकाला. महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास सपा नेताओं ने पाप का घड़ा फोड़ा और ज्ञानेश कुमार का पुतला व पोस्टर जलाकर विरोध जताया. इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की. इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी. सपा प्रवक्ता निधि यादव ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाए जाने तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर पद के दुरुपयोग और निष्पक्ष चुनाव नहीं कराने का आरोप लगाया.

हमीरपुर में सपा कार्यकर्ताओं पर FIR, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने का मामला
हमीरपुर के राठ कोतवाली क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन के बाद पुतला फूंकने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने पर 14 नामजद समेत 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. उपनिरीक्षक सत्यम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

बाराबंकी में सपा का जोरदार प्रदर्शन, SIR और मतदाता सूची को लेकर उठाई आवाज
बाराबंकी में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप की अगुवाई में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लेकर सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे. प्रदर्शन की शुरुआत अरविंद सिंह गोप के आवास से हुई, जहां से सैकड़ों कार्यकर्ता सपा कार्यालय पहुंचे और विरोध जताया. इस दौरान मतदाता सूची और SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई. प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा.

अमरोहा में ज्ञानेश कुमार के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, अर्धनग्न होकर निकाला जुलूस
अमरोहा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. कांग्रेसियों ने अर्धनग्न अवस्था में अंबेडकर मूर्ति से गांधी मूर्ति तक जुलूस निकाला. गांधी मूर्ति चौराहे पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका. पुतला दहन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर खींचतान हुई. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया. पूरा मामला अमरोहा शहर कोतवाली क्षेत्र का है.

संतकबीरनगर में हाथों में हथकड़ी लगाकर पहुंचे कलेक्ट्रेट

संतकबीरनगर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा कार्यकर्ता ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता हाथों में जंजीर और हथकड़ी लगाकर प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा. उसने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध जताया.

लखनऊ में हल्ला बोल शुरू

लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सपा का हल्ला बोल शुरू हो गया है. सपा महानगर अध्यक्ष फाख़िर सिद्दीकी के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है. सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वोट चोर, गद्दी छोड़, ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ के नारे लग रहे हैं. प्रदर्शन में सपा प्रवक्ता दीपक रंजन, अभिषेक बाजपेई और महासचिव गौरव कुमार यादव मौजूद हैं. छात्र सभा, महिला सभा, यूथ ब्रिगेड और समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल. हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है.

‘वोट चोरों की लंका’ स्लोगन वाला पोस्टर जारी

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता हसीब अहमद ने विरोध प्रदर्शन को लेकर एक पोस्टर जारी किया है. पोस्टर पर लिखा है- दहन करो वोट चोरों की लंका, भैया राहुल बहन प्रियंका. पोस्टर में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीर के साथ कांग्रेस का चुनाव निशान पंजा भी लगाया गया है. पोस्टर के बैकग्राउंड में जलते हुए रावण के पुतले की तस्वीर दिखाई गई है. पोस्टर पर प्रदेश प्रवक्ता हसीब अहमद का नाम भी लिखा गया है.

बड़े नेता भी होंगे शामिल

कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र चौधरी समेत पार्टी के अन्य बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन देशव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा है.

पहले भी कर चुके प्रदर्शन

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल और प्रियंका गांधी ने बुधवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था. दोनों जंतर-मंतर से 200 मीटर पहले सड़क पर बैठ गए थे. वहीं, 6 अक्टूबर को इंडिया ब्लॉक के 200 से ज्यादा सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के ऑफिस तक मार्च निकाला था. राहुल और प्रियंका ने आकाशवाणी परिसर में 8 घंटे धरना दिया था.



Source link