Last Updated:
Morena News: मध्य प्रदेश के मुरैना में रिश्तों को तार-तार करने की एक घटना सामने आई है, जहां महिला को अपने पति और भतीजे को जहरीला पदार्थ खिला दिया. इसमें पति की मौत हो गई है, जबकि भतीजा कोटा के अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.
पत्नी ने पति को खिलाया जहर
Morena News: मध्य प्रदेश में एक पत्नी ने रिश्तों को ही शर्मसार कर दिया है. पत्नी ने जहर देकर अपने पति की हत्या कर डाली है. बताया जा रहा है कि चिटोरी गांव की रहने वाली चायना धाकड़ की पहली शादी नया गांव के युवक से हुई थी. लेकिन कुछ समय बाद दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद चायना की दूसरी शादी धामिनी गांव निवासी शैलेंद्र धाकड़ से हुई थी. शैलेंद्र गुजरात के बड़ोदरा में रहकर मार्बल-टाइल्स लगाने का काम करता था.
सितंबर में शैलेंद्र गांव आया था. इसी दौरान उसे पत्नी पर शक हुआ. वह अपनी पत्नी को साथ लेकर उसके मायके पहुंचा. चार दिन मायके में रुकने के बाद दोनों वापस ससुराल लौट आए. पत्नी चायना के मुताबिक उसकी मुलाकात शिवपुरी में कथित प्रेमी आशीष रावत से हुई. मीडिया से चर्चा में चायना ने बताया है कि आशीष ने चायना को कुछ दवाई एक कागज की पुड़िया में दी और कहा कि अगर पति परेशान करे तो उसे खिला देना.
ग्वालियर रेफर के दौरान पति की रास्ते में मौत
वड़ोदरा पहुंचने के करीब एक हफ्ते बाद चायना ने शाम के खाने में पति शैलेंद्र और उसके भतीजे रूपा को वही पदार्थ खिला दिया. खाना खाने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया. लेकिन ग्वालियर पहुंचने से पहले ही शैलेंद्र ने रास्ते में दम तोड़ दिया. वहीं उसका भतीजा रूपा कोटा के अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
मीडिया के सामने पत्नी ने कबूला सच
इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात ये है कि पूछताछ के दौरान चायना ने मीडिया और परिजनों के सामने कथित तौर पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है. फिलहाल विजयपुर थाना पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और केस को वड़ोदरा पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
डॉक्टरों के मुताबिक एफएसएल टीम और डॉक्टरों की निगरानी में पोस्टमार्टम किया गया है. शरीर के ऑर्गन्स को फॉरेंसिक जांच के लिए सागर भेजा गया है. पीएम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह और जहरीले पदार्थ की पुष्टि हो सकेगी. वहीं मृतक के परिजनों ने आरोपी महिला और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. हालांकि विजयपुर पुलिस की दर्ज एफआईआर के मुताबिक आइसक्रीम खाने से मौत का जिक्र किया गया है. फिलहाल पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही इस सनसनीखेज मामले की पूरी तस्वीर साफ होगी.