जयपुर. नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के फेस्टिवल सीजन से पहले जयपुर में शॉपिंग की रौनक शुरू हो गई है. खासतौर पर जयपुर के अलग-अलग इलाकों में शॉपिंग फेस्टिवल और फेयर का आयोजन चल रहा है. इन्हीं में सबसे खास जयपुर के जवाहर कला केंद्र में चल रहा स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर है.
यहां भारत के हर राज्य से हस्तकला, शिल्पकला, बुनकर और हैंडमेड प्रोडक्ट लेकर कारीगर पहुंचे हैं. इन खास प्रोडक्ट्स की फेस्टिवल सीजन में जयपुर में खूब डिमांड रहती है. JKK के इस शॉपिंग फेयर में एक ही छत के नीचे अलग-अलग राज्यों की 100 स्टॉल्स सजी हैं. यहां लोग बेहतरीन कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, पेंटिंग, सजावटी और घरेलू उपयोग के सामान के साथ खाने-पीने के चटपटे आइटम्स भी सस्ती कीमत में खरीद सकते हैं. अक्टूबर माह तक चलने वाले इस आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर की सबसे खास बात यह है कि यहां लोग सीधे तौर पर कारीगरों की हस्तकला से जुड़े प्रोडक्ट बिना अतिरिक्त GST शुल्क के खरीद सकते हैं. इन प्रोडक्ट्स को कारीगर अपने हाथों से तैयार करते हैं.
स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर में सजी स्टॉल्स हैं सबसे खास
लोकल-18 ने जयपुर के जवाहर कला केंद्र में चल रहे स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर में पहुंचकर यहां फेयर के आयोजकों और दुकानदारों से बात की. उन्होंने बताया कि फेयर में खासतौर पर बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, कश्मीर, पश्चिम बंगाल समेत अलग-अलग राज्यों से कारीगर अपने बेहतरीन प्रोडक्ट्स लेकर पहुंचे हैं. इनमें खासतौर पर वे प्रोडक्ट्स हैं, जिनकी फेस्टिवल सीजन में खूब डिमांड रहती है.
मिर्जापुर और भदोही के कालीन
फेयर में लोगों के लिए एक ही छत के नीचे मिर्जापुर और भदोही की कालीन, भागलपुर का फेमस सिल्क, खुर्जा की क्रॉकरी, सहारनपुर का फर्नीचर, इंदौर की फेमस नमकीन, बीकानेरी अचार और अलग-अलग राज्यों के बेहतरीन कपड़े, श्रृंगार आइटम, पढ़ने के लिए किताबें और घर में उपयोग होने वाले हर प्रकार के खास प्रोडक्ट्स मौजूद हैं.
जयपुर के खास प्रोडक्ट्स भी मिल रहे
साथ ही फेयर में राजस्थान और जयपुर के खास प्रोडक्ट्स की भी स्टॉल्स सजी हुई हैं, जिनकी पूरे साल लोगों में डिमांड रहती है. फेयर में लोग हर प्रकार की खरीदारी बाजार की कीमत से कम कीमत में कर सकते हैं, क्योंकि सभी प्रोडक्ट GST मुक्त उत्पाद हैं.
अक्टूबर माह तक चलेगा स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर
आपको बता दें कि जवाहर कला केंद्र में आयोजित होने वाले सभी शॉपिंग फेस्टिवल और फेयर कम से कम एक महीने तक चलते हैं, जिसके चलते लोग ज्यादा से ज्यादा दिनों तक शॉपिंग कर सकें. ऐसे ही यह स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर भी अक्टूबर माह तक आयोजित होगा.
आने से पहले जान लीजिए टाइम
फेयर का समय सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक रहता है. फेयर में दिन के समय से ज्यादा लोग शॉपिंग करने के लिए रात के समय पहुंचते हैं. साथ ही रविवार को लोग छुट्टी के दिन सबसे ज्यादा शॉपिंग के लिए पहुंचते हैं. स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग से लेकर अन्य सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं. इस फेयर में आने वाले विजिटर्स की एंट्री बिल्कुल फ्री रखी गई है.