LIC Policy Nominee Rules: शादी-बच्चे के बाद एलआईसी पॉलिसी का नॉमिनी नहीं बदला, अपडेट के समय न करें ये गलतियां, जान लें क्या है नियम

LIC Policy Nominee Rules: शादी-बच्चे के बाद एलआईसी पॉलिसी का नॉमिनी नहीं बदला, अपडेट के समय न करें ये गलतियां, जान लें क्या है नियम


LIC Policy Nominee Rules: अगर आपके पास LIC की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी है, तो सिर्फ प्रीमियम समय पर भरना ही काफी नहीं है. पॉलिसी में दर्ज नॉमिनी की जानकारी भी समय-समय पर चेक करनी चाहिए. कई बार पॉलिसी खरीदते वक्त माता-पिता या किसी दूसरे परिवार के सदस्य को नॉमिनी बनाया जाता है, लेकिन बाद में शादी, बच्चे के जन्म या परिवार में किसी बड़े बदलाव के बाद इसे अपडेट नहीं किया जाता. ऐसी स्थिति में भविष्य में क्लेम के समय परेशानी हो सकती है. इसलिए परिवार की स्थिति बदलने पर LIC पॉलिसी का नॉमिनी भी अपडेट कराना समझदारी है.

अच्छी बात यह है कि नॉमिनी बदलने के लिए आपको अपनी पुरानी पॉलिसी बंद करने या नई पॉलिसी लेने की जरूरत नहीं होती. LIC के मुताबिक, लाइफ अस्योर्ड पॉलिसी के दौरान नॉमिनेशन को बदल या रद्द कर सकता है और इसके लिए मौजूदा नॉमिनी की सहमति जरूरी नहीं होती. हालांकि, बदलाव तभी प्रभावी माना जाता है, जब इसे LIC के रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए. LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर नॉमिनेशन बदलने के लिए Form No. 3750 उपलब्ध है.

सबसे पहले यह फॉर्म भरना होगा

नॉमिनी बदलने के लिए LIC का Form No. 3750 यानी Notice of Change of Nomination इस्तेमाल किया जाता है. इसे LIC की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है. फॉर्म में पॉलिसी से जुड़ी जरूरी जानकारी के साथ नए नॉमिनी का नाम, पता, जन्मतिथि और पॉलिसीधारक से उसका संबंध जैसी जानकारी देनी होती है.

फॉर्म भरने के बाद इसे उस LIC ब्रांच में जमा करना होता है, जहां आपकी पॉलिसी सर्विस हो रही है. LIC की गाइडलाइन के मुताबिक, नॉमिनेशन में बदलाव सर्विसिंग ब्रांच में कराया जाता है. जमा करते समय जरूरी डॉक्यूमेंट्स और पॉलिसी से जुड़े रिकॉर्ड साथ रखना बेहतर है. आवेदन जमा करने के बाद उसकी रसीद या लिखित पेपर जरूर लें.

नाबालिग बच्चे को नॉमिनी बनाया है तो यह बात न भूलें

अगर आप अपने नाबालिग बच्चे को नॉमिनी बनाना चाहते हैं, तो सिर्फ बच्चे का नाम दर्ज करना पर्याप्त नहीं है. ऐसी स्थिति में एक Appointee नियुक्त किया जा सकता है, जो बच्चे के नाबालिग रहने के दौरान पॉलिसी की रकम प्राप्त करने की प्रोसेस संभालेगा. LIC ने इसके लिए अलग से Appointee से जुड़े फॉर्म भी उपलब्ध कराए हैं. यह जानकारी खास तौर पर उन लोगों के लिए अहम है जिन्होंने हाल ही में बच्चे के जन्म के बाद अपनी पॉलिसी का नॉमिनी बदलने का फैसला किया है. फॉर्म में बच्चे की जानकारी और अपॉइंटी से जुड़ी डिटेल सही तरीके से भरना जरूरी है.

एक से ज्यादा नॉमिनी हैं तो हिस्से की जानकारी भी देखें

कुछ पॉलिसीधारक एक से ज्यादा लोगों को नॉमिनी बनाते हैं. ऐसे मामले में यह देखना जरूरी है कि पॉलिसी रिकॉर्ड में सभी नॉमिनी की जानकारी सही दर्ज है. अगर अलग-अलग हिस्से तय किए गए हैं, तो उनका कुल हिस्सा 100% होना चाहिए. साथ ही, अगर आपके पास कई LIC पॉलिसियां हैं, तो यह न मानें कि एक पॉलिसी में नॉमिनी बदलने से बाकी पॉलिसियों में भी बदलाव हो जाएगा. हर पॉलिसी का रिकॉर्ड अलग से चेक करना जरूरी है.

ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी

नॉमिनी का नाम दर्ज कराते समय स्पेलिंग, जन्मतिथि और रिश्ते की जानकारी ध्यान से भरें. डॉक्यूमेंट्स में नाम अलग-अलग होने पर बाद में रिकॉर्ड मिलाने में दिक्कत आ सकती है. बदलाव कराने के बाद यह भी सुनिश्चित करें कि LIC के रिकॉर्ड में नया नाम दर्ज हो गया है.

एक और जरूरी बात यह है कि सिर्फ फॉर्म जमा कर देना ही पर्याप्त नहीं है. नियम के मुताबिक नॉमिनेशन में बदलाव तब प्रभावी होता है, जब उसकी जानकारी बीमा कंपनी को दी जाए और वह अपने रिकॉर्ड में उसे दर्ज करे और पेपर्स संभालकर रखना जरूरी है.

इसके अलावा, अगर पॉलिसी सौंपी की गई है, तो नॉमिनेशन पर उसका असर पड़ सकता है. LIC की जानकारी के मुताबिक, पॉलिसी के assignment से nomination के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए ऐसी स्थिति में बदलाव कराने से पहले LIC ब्रांच से नियम स्पष्ट कर लेना चाहिए.

शादी, बच्चे या परिवार में बदलाव के बाद जरूर करें चेक

नॉमिनी अपडेट करने का सबसे अच्छा समय वही है, जब आपकी पारिवारिक स्थिति में बड़ा बदलाव हुआ हो. शादी के बाद पति या पत्नी को नॉमिनी बनाना, बच्चे के जन्म के बाद रिकॉर्ड अपडेट करना या परिवार में किसी नॉमिनी की मृत्यु होने पर नया नॉमिनी दर्ज कराना जैसे बदलाव समय रहते कर लेने चाहिए.

याद रखें, नॉमिनी की जानकारी सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है. सही रिकॉर्ड होने से पॉलिसी क्लेम की प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी कम हो सकती है. इसलिए साल में कम से कम एक बार अपनी सभी LIC पॉलिसियों के नॉमिनी रिकॉर्ड की समीक्षा करना एक अच्छी वित्तीय आदत है.



Source link