Last Updated:
Lucknow News : लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में बाढ़ का पानी IIIT लखनऊ कैंपस में घुस गया. इसकी वजह से संस्थान को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया. इसके साथ ही एमटेक परीक्षाएं भी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्थगित कर दी गई हैं. आइए जानते हैं सबकुछ.
आईआईआईटी कैंपस बंद. (फाइल फोटो)
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के गोमती नगर विस्तार स्थित IIIT कैंपस में गोमती नदी का पानी घुस गया है. इससे छात्रों को बहुत परेशानी हो रही. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए हॉस्टल खाली करा दिए गए हैं. साथ ही उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भी भेज दिया गया है. इतना ही नहीं संस्थान को अगले आदेश तक बंद करने का भी फैसला लिया गया है. हालांकि, एमटेक की परीक्षाएं होनी थीं, अब उन्हें भी टाल दिया गया है.
कैंपस में लगातार बढ़ रहे पानी को देखते हुए हॉस्टल में रह रहे बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने का फैसला लिया गया. हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को कैंसर अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जबकि छात्रों को गोल्फ सिटी स्थित एक हॉस्टल में भेजा गया है. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए हॉस्टल की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई है.
बाढ़ के पानी की वजह से कैंपस में रहने वाले छात्रों और कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. IIIT लखनऊ का परिसर निचले इलाके में स्थित है, जिसके चलते आसपास जलभराव होने पर पानी कैंपस के अंदर पहुंच गया. स्थिति को देखते हुए संस्थान प्रशासन और जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
डीएम और एसडीएम ने लिया जायजा
कैंपस में जलभराव की सूचना मिलने के बाद लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख और एसडीएम भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने कैंपस का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली और छात्रों की सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए. फिलहाल बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है. संस्थान की ओर से छात्रों को अगले आदेश तक कैंपस में वापस नहीं लौटने की सलाह दी गई है. वहीं, एमटेक परीक्षाओं की नई तारीख की जानकारी बाद में जारी की जाएगी. प्रशासन की नजर अब कैंपस में घटते जलस्तर और छात्रों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था पर है.