कटनी में आउटर पर खड़ी ट्रेन बनी डकैतों धावा, बदमाशों ने चाकू की नोक पर की लूट; 10 मिनट में फरार

कटनी में आउटर पर खड़ी ट्रेन बनी डकैतों धावा, बदमाशों ने चाकू की नोक पर की लूट; 10 मिनट में फरार


Last Updated:

Katni News: मध्य प्रदेश के कटनी में आधी रात आउटर पर खड़ी ट्रेन में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया. लमतरा फाटक के पास सिग्नल के इंतजार में खड़ी तमिल बनारस संगम एक्सप्रेस को 25 से 30 नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया. बदमाश S-1 कोच में घुसे और चाकू की नोक पर यात्रियों से मोबाइल, सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए. ट्रेन करीब 20 मिनट रुकी रही और बदमाशों ने सिर्फ 10 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दे दिया.

Zoom

कटनी में आउटर पर खड़ी ट्रेन पर बदमाशों ने बोला धावा

Katni News: कटनी में ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करने वाली वारदात सामने आई है. घटना 28 सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है. ट्रेन नंबर-16368 काशी तमिल संगम एक्सप्रेस बनारस से दक्षिण भारत की ओर जा रही थी. कटनी पहुंचने से पहले लमतरा फाटक के आउटर के पास ट्रेन सिग्नल नहीं मिलने के कारण IBH में रुक गई. ट्रेन के रुकते ही 25 से 30 हथियारबंद और नकाबपोश बदमाश S-1 कोच में चढ़ गए. इसके बाद बदमाशों ने यात्रियों को चाकू दिखाकर धमकाया और करीब एक दर्जन यात्रियों को अपना निशाना बनाया. यात्रियों से मोबाइल, अंगूठी, मंगलसूत्र और नकदी लूटने के बाद आरोपी उसी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

बदमाशों ने सुनसान इलाके का उठाया फायदा
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस जगह ट्रेन रुकी. वह कटनी स्टेशन से करीब 5 किलोमीटर दूर सुनसान इलाका है. दोनों तरफ खेत और झाड़ियां हैं. बदमाशों ने इसी भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाया और वारदात के बाद मौके से निकल गए. पुलिस के मुताबिक ट्रेन करीब 20 मिनट तक मौके पर रुकी रही. इसी दौरान बदमाशों ने करीब 10 मिनट में लूट की वारदात को अंजाम दिया. वारदात के बाद आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गए. बताया जा रहा है FIR में तीन मोबाइल, एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र और 20 हजार रुपये नकद समेत करीब 86 हजार रुपये की संपत्ति लूटे जाने की बात सामने आई है.

वही इस वारदात की रिपोर्ट यात्रियों ने कटनी GRP में दर्ज नहीं कराई. यात्री आगे जाकर विशाखापट्टनम GRP पहुंचे, जहां जीरो पर FIR दर्ज की गई. बाद में मामला कटनी GRP को ट्रांसफर हुआ. यहां अपराध क्रमांक 1364/26 दर्ज कर लूट, डकैती और आपराधिक दुष्प्रेरण की धाराओं में जांच शुरू की गई.

ट्रेन में नहीं थी नियमित पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी
GRP थाना प्रभारी अनिल मरावी के मुताबिक जिस ट्रेन में वारदात हुई, उसमें नियमित पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी नहीं चलती. घटनास्थल स्टेशन से करीब 5 किलोमीटर दूर है. सुबह पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन रेलवे क्षेत्र होने और बदमाशों के तुरंत फरार हो जाने के कारण फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है.

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है. संभावित ठिकानों पर तलाश और बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल मामले में किसी संदेही की गिरफ्तारी नहीं हुई है. कटनी के आउटर पर आधी रात हुई इस वारदात ने एक बार फिर सुनसान रेलवे हिस्सों में चलने वाली ट्रेनों की सुरक्षा और रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.



Source link