WC के लिए भारत की धुआंधार तैयारी, श्रीलंका के साथ ODI सीरीज के शेड्यूल का ऐलान
Last Updated:
आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 के लिए भारतीय टीम ने धुआंधार तैयारी शुरू कर दी है. टूर्नामेंट के शुरू होने में अब एक साल से कम का समय रह गया है. इससे पहले टीम इंडिया लगातार वनडे सीरीज खेल रही है. इसी क्रम में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के शेड्यूल का ऐलान भी कर दिया गया है. दोनों टीमों के बीच ये सीरीज भारत के न्यूजीलैंड दौरे के बाद होगा.
भारत-श्रीलंका शेड्यूल का ऐलान
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम वनडे विश्व कप 2027 से पहले ताबड़तोड़ लिमिटेड ओवर की सीरीज खेल रही है. विश्व कप से पहले भारतीय टीम का शेड्यूल पूरी तरह से टाइट है. इसी बीच अब श्रीलंका के साथ घरेलू वनडे सीरीज का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. ‘स्टार स्पोर्ट्स’ पर भारत-श्रीलंका के बीच होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज का प्रोमो भी जारी कर दिया गया है, जिसकी शुरुआत दिसंबर के दूसरे सप्ताह में होगी. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस सीरीज का पूरा शेड्यूल क्या है और मुकाबले कब और कहां खेले जाएंगे.
भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज का शेड्यूल
भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज दिसंबर की शुरुआत में खेली जाएगी. श्रीलंकाई टीम भारत के दौरे पर आ रही है. वनडे के बाद दोनों टीमें तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए भी एक-दूसरे से टकराएंगी. उससे पहले भारतीय टीम न्यूजीलैंड के लंबे दौरे पर जा रही है, जहां टीम को पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. भारतीय टीम का यह दौरा 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक चलेगा. इस दौरे से लौटने के तुरंत बाद टीम श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी.
दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला वनडे मैच 13 दिसंबर को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरा वनडे मैच 16 दिसंबर को चेन्नई के एम. चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में होगा. वहीं, सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे मैच 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज का शेड्यूल
वनडे के बाद भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी. सीरीज का पहला मुकाबला 22 दिसंबर को राजकोट में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरे टी20 मैच का आयोजन कटक के बाराबती स्टेडियम में होगा, जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी टी20 मैच 27 दिसंबर को पुणे में खेला जाएगा.