Last Updated:
Tourist Guide Course : क्या आप भी टूरिस्ट गाइड बनना चाहते हैं. भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बागेश्वर इसकी ट्रेनिंग कराने जा रहा है. इस ट्रेनिंग में 18 से 50 साल तक की महिलाएं और पुरुष हिस्सा ले सकते हैं. प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा. आरसेटी निदेशक सुखविन्द्र कादयान लोकल 18 से बताते हैं कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा. ट्रेनिंग आरसेटी के कार्यालय में दी जाएगी. इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय में पहुंचकर पंजीकरण और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी पा सकते हैं. अभ्यर्थी आधार कार्ड की फोटो कॉपी, चार पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी और राशन कार्ड की फोटो कॉपी साथ लेकर जाएं.
बागेश्वर. पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बागेश्वर की ओर से अक्टूबर माह में 10 दिवसीय पर्यटन एवं टूरिस्ट गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को पर्यटन से जुड़े काम के लिए जरूरी जानकारी और कौशल उपलब्ध कराना है, ताकि वे रोजगार के साथ अपना स्वरोजगार भी शुरू कर सकें. इस प्रशिक्षण में 18 से 50 वर्ष तक की महिलाएं और पुरुष भाग ले सकते हैं. प्रशिक्षण के लिए कुल 35 सीटें निर्धारित की गई हैं. इन सीटों पर प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा. ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को समय रहते पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है.
हर बात बताई जाएगी
आरसेटी निदेशक सुखविन्द्र कादयान लोकल 18 से बताते हैं कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ट्रेनिंग के साथ प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए रहने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले युवाओं को भी प्रशिक्षण लेने में सुविधा मिलेगी. प्रशिक्षण में केवल टूरिस्ट गाइड से जुड़ी जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि प्रतिभागियों को बिजनेस मॉडल, स्वरोजगार, मार्केटिंग और रोजगार के मौकों के बारे में भी बताया जाएगा. कारोबार शुरू करने के लिए मिलने वाले लोन और विभिन्न सरकारी सब्सिडी योजनाओं की जानकारी भी प्रशिक्षण के दौरान दी जाएगी. इससे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवा पर्यटन क्षेत्र में अपना काम शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे.
इस नंबर पर करें संपर्क
पर्यटन एवं टूरिस्ट गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आरसेटी बागेश्वर कार्यालय में किया जाएगा. संस्थान विकासखंड सभागार बागेश्वर के पास स्थित है. इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय में पहुंचकर पंजीकरण और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. आवेदन के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को पंजीकरण कराने के लिए आरसेटी बागेश्वर कार्यालय में संपर्क करना होगा. आवेदन के समय जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाना होगा. अभ्यर्थी आधार कार्ड की फोटो कॉपी, चार पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी और राशन कार्ड की फोटो कॉपी साथ लेकर जाएं. प्रशिक्षण और पंजीकरण से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 9411703070 या 8476023052 पर संपर्क कर सकते हैं. पर्यटन के क्षेत्र में करियर बनाने, टूरिस्ट गाइड के रूप में काम करने या स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह प्रशिक्षण उपयोगी मौका साबित हो सकता है.