Last Updated:
Noida Expressway Bus Fire News: नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लग गई है. चलती बस में आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया है. आग की लपटों और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया. थाना नॉलेज पार्क पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है.
जलते बस की तस्वीर.
नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में नोएडा एक्सप्रेसवे पर 6 अक्टूबर को चलती स्लीपर बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना सेक्टर-148 के पास की बताई जा रही है. आग इतनी तेज थी कि बस से निकल रही लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दिया. घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया.
बताया जा रहा है कि जिस समय बस में आग लगी, उसमें करीब 30 यात्री सवार थे. बस दिल्ली से बिहार जा रही थी. आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी यात्री की जान जाने की सूचना नहीं है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में आग लगने के बाद तेज धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दे रही थी. देखते ही देखते आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. यात्रियों के बस से बाहर निकलने के बाद उनका काफी सामान अंदर ही रह गया, जो आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था को सामान्य रखने की कोशिश की.
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में हुई इस घटना का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों से घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने को कहा है. साथ ही घायलों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल बस में आग लगने की सही वजह सामने नहीं आई है. पुलिस और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.