“नीरज कुमार को हराने के लिए कुछ भी करूंगा”, अनंत सिंह ने दी खुली चुनौती, AK 47 आर-पार और 20 करोड़ की शर्त, जानिए क्या है पूरा विवाद?

“नीरज कुमार को हराने के लिए कुछ भी करूंगा”, अनंत सिंह ने दी खुली चुनौती, AK 47 आर-पार और 20 करोड़ की शर्त, जानिए क्या है पूरा विवाद?


Last Updated:

बिहार के पटना स्नातक विधान परिषद चुनाव से पहले जेडीयू के भीतर की पुरानी अदावत अब खुली राजनीतिक लड़ाई में बदलती दिख रही है. मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के नेता नीरज कुमार को चुनाव में हराने के लिए पूरी ताकत लगाने का ऐलान कर दिया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच अदावत जारी.

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है जिससे बिहार की सियासत गरमा गई है. उन्होंने जदयू के ही एमएलसी नीरज कुमार को लेकर अनंत सिंह ने खुली जंग का ऐलान कर दिया है. अनंत सिंह ने कहा, नीरज कुमार को हराने के लिए कुछ भी करूंगा. इसके साथ ही उन्होंने 20 करोड़ की शर्त, हनुमान मंदिर पर डिबेट का चैलेंज और AK-47 केस का पुराना हिसाब भी सामने रख दिया है. साफ है कि अनंत सिंह अपने करीबी डॉ. अनुज कुमार सिंह के समर्थन में उतर चुके हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें निर्दलीय जिताने की बात भी कह रहे हैं. शुक्रवार को उन्होंने नीरज कुमार पर पुराने AK-47 मामले में गंभीर आरोप लगाए, 20 करोड़ रुपये की शर्त लगाने की चुनौती दी और हनुमान मंदिर के पास आमने-सामने डिबेट का प्रस्ताव तक दे दिया.

पार्टी नहीं, नीरज से लड़ाई का दावा

अनंत सिंह का कहना है कि वह जेडीयू के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि नीरज कुमार के खिलाफ हैं. उनका तर्क है कि विधान परिषद का यह चुनाव विधानसभा चुनाव की तरह पार्टी के चुनाव चिह्न पर नहीं होता. ऐसे में वे इसी आधार पर वह नीरज के खिलाफ अपने उम्मीदवार को समर्थन देने को पार्टी विरोधी कदम नहीं मान रहे हैं. इससे पहले भी वह डॉ. अनुज कुमार सिंह के समर्थन का ऐलान कर चुके हैं और अपने समर्थकों के 26 विधानसभा क्षेत्रों में अनुज के साथ रहने का दावा कर चुके हैं.

नीरज को हराने के लिए पूरी ताकत लगाने का दावा

अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार को हराने के लिए वह कुछ भी करेंगे. उन्होंने यहां तक दावा किया कि नीरज की जमानत बचना भी मुश्किल होगा. इससे पहले जेडीयू स्तर पर दोनों नेताओं के बीच सुलह कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर अनंत सिंह के पास उनके खिलाफ कोई प्रमाण है तो वह अदालत जाएं.

AK-47 वाला आरोप फिर क्यों उठा?

अनंत सिंह ने पुराने AK-47 मामले को भी इस चुनावी लड़ाई में फिर सामने ला दिया. उनका आरोप है कि नीरज कुमार ने उनके घर में AK-47 रखवाकर उन्हें फंसाया और जेल भिजवाया. उन्होंने दोनों का नार्को टेस्ट कराने की चुनौती भी दी है. बता दें कि अगस्त 2019 में अनंत सिंह के पैतृक घर नदवां से AK-47 और अन्य हथियार बरामद होने के मामले में उन्हें निचली अदालत से सजा हुई थी. लेकिन अगस्त 2024 में पटना हाईकोर्ट ने उन्हें दोनों संबंधित Arms Act मामलों में बरी कर दिया. अदालत के फैसले के बाद अनंत सिंह की रिहाई का रास्ता साफ हुआ था. हालांकि, नीरज कुमार ने AK-47 रखने या मामले में साजिश करने के अनंत सिंह के आरोप को इनकार किया है. उन्होंने कहा है कि आरोप का प्रमाण है तो अदालत में जाएं. इसलिए इस आरोप को खबर में अनंत सिंह के दावे के रूप में ही देखा जाना चाहिए.

20 करोड़ की शर्त और मंदिर के पास डिबेट

अनंत सिंह यहीं नहीं रुके. उन्होंने नीरज को 20 करोड़ रुपये की शर्त लगाई है. कहा, अगर मैं हारा तो मैं रख लूंगा, वरना नीरज रख ले. साथ ही हनुमान मंदिर के पास कुर्सी लगाकर डिबेट का चैलेंज दिया है. बोले, नीरज कुमार का सारा हिसाब कर देंगे. वहीं नीरज के उस बयान पर कि अनंत को जमानत लिखने कोई नहीं आएगा, अनंत सिंह ने कहा, नीरज कुमार ने सिर्फ एक बात सही कही है, मुझे लिखने-पढ़ने नहीं आता.

नीरज का जवाब भी सीधा

दूसरी ओर इससे पहले नीरज कुमार कह चुके हैं कि वह पार्टी के कार्यकर्ता के बल पर राजनीति करते हैं और उनके पास जनबल है. AK-47 के आरोप पर उन्होंने फिर कहा कि अगर अनंत सिंह के पास प्रमाण है तो अदालत जाएं. जमानत जब्त होने की चुनौती पर भी नीरज ने कहा कि उम्मीदवार बनने के बाद ही इस पर बात होगी.

असली लड़ाई कितनी पुरानी है

बता दें कि दोनों नेताओं का विवाद नया नहीं है. अनंत सिंह लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि नीरज कुमार ने उनके चुनावों का विरोध किया. अब वही पुराना राजनीतिक हिसाब पटना स्नातक सीट पर सामने आ रहा है. दिलचस्प यह है कि यह मुकाबला उस समय हो रहा है जब बिहार की आठ विधान परिषद सीटों के चुनाव को लेकर जेडीयू, आरजेडी और जन सुराज तीनों अपनी रणनीति बना रहे हैं. आरजेडी छह सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है और जन सुराज 20 सितंबर को अपने उम्मीदवारों का ऐलान करने वाला है.



Source link