Last Updated:
आईफा 2027 को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. शो में इस बार अवॉर्ड नाइट में ग्लैमर के साथ एंटरटेनमेंट का भी जबरदस्त तड़का देखने को मिलने वाला है. करण जौहर एक बार फिर आईफा के मंच पर अपनी होस्टिंग से लोगों को एंटरटेन करने वाले हैं. इस दौरान उनके साथ वरुण धवन भी नजर आएंगे. वहीं, सलमान खान, करीना कपूर खान, शाहिद कपूर और जाह्नवी कपूर जैसे सेलेब्स भी अपनी दमदार परफॉर्मेंस से अवॉर्ड नाइट को धमाकेदार बनाने वाले हैं.
वरुण संग जमेगी जोड़ी
नई दिल्ली. बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर एक बार फिर आईफा के मंच पर होस्टिंग करने वाले हैं. आईफा 2027 में करण जौहर और वरुण धवन मिलकर अवॉर्ड नाइट को होस्ट करने वाले हैं. आईफा के साथ करण का रिश्ता काफी पुराना है और इस बार वह छठी बार इस बड़े इवेंट की मेजबानी करने जा रहे हैं.
आईफा का 27वां एडिशन अगले साल 22 और 23 जनवरी को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में आयोजित होगा. इस खास मौके पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारे एक ही मंच पर नजर आएंगे. होस्टिंग के साथ-साथ दर्शकों को कई शानदार परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेंगी.
करण का आईफा से पुराना है रिश्ता
आईफा 2027 में अपनी वापसी को लेकर करण जौहर काफी एक्साइटेड हैं. उन्होंने कहा कि आईफा के साथ उनका रिश्ता काफी पुराना है और इस मंच से उनकी कई यादें जुड़ी हुई हैं. करण के मुताबिक, छह बार होस्ट करना भले ही सुनने में काफी ज्यादा लगे, लेकिन लाइव शो का रोमांच आज भी वैसा ही है. करण ने कहा कि लाइव शो में हर बार कुछ नया और अचानक होने वाला सरप्राइज देखने को मिलता है, जिसकी वजह से इसका उत्साह कभी कम नहीं होता. उन्होंने यह भी कहा कि आईफा में एक अलग तरह की मस्ती और जादू है, जिसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है.
वरुण धवन संग जमेगी जोड़ी
अबू धाबी लौटने को लेकर भी करण काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि इस बार भी वह हंसी-मजाक, सरप्राइज और आईफा 2027 में होने वाली तमाम खास चीजों के लिए पूरी तरह तैयार हैं. आईफा 2027 में सिर्फ करण और वरुण की जोड़ी ही होस्टिंग करती नजर नहीं आएगी. आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 की मेजबानी पंकज त्रिपाठी और अली फजल करेंगे. वहीं, मुख्य आईफा अवॉर्ड्स 2027 की जिम्मेदारी करण जौहर और वरुण धवन संभालेंगे.
बता दें कि अवॉर्ड नाइट में होस्टिंग के अलावा कई बड़े सितारों की परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी. सलमान खान, शाहिद कपूर, करीना कपूर खान और जान्हवी कपूर जैसे सितारे अपने शानदार परफॉर्मेंस से मंच पर धमाल मचाते नजर आएंगे. वहीं, सलमान खान भी एक बार फिर आईफा के मंच पर वापसी करने जा रहे हैं. आईफा के साथ सलमान का रिश्ता भी काफी पुराना है और वह इसके शुरुआती दौर से ही इस सफर का हिस्सा रहे हैं. आईफा में अपनी वापसी को लेकर सलमान खान ने कहा कि इस अवॉर्ड शो के साथ उनका रिश्ता बहुत पुराना है. उन्होंने कहा कि वह आईफा के शुरुआती सालों से इसका हिस्सा रहे हैं और जब भी आईफा की तरफ से उन्हें बुलावा आता है, तो उनके लिए यह हमेशा खास एहसास होता है.