Last Updated:
Brijbhushan Sharan Singh News: एसआईआर और मुख्य चुनाव आयोग को हटाने की मांग को लेकर राहुल गांधी की अगुवाई में दिल्ली की सड़कों पर इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन जारी है. इसी बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का रियल्टी टेस्ट कर दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि यह दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में सबसे कमजोर है. राहुल गांधी जिन मुद्दों को उठाते हैं उसकी तारीफ पाकिस्तान में होती है.
लखनऊ: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में इंडिया गठबंधन के तमाम नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और एसआईआर को रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन में जुटे हैं. अभिषेक बनर्जी, अखिलेश यादव, सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है. वहीं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन में ही धरने पर बैठ गए हैं. यह प्रदर्शन संसद भवन से चुनाव आयोग के ऑफिस तक होनी थी, लेकिन पुलिस ने बीच में ही उन्हें रोक दिया है. उत्तर प्रदेश विधानसभा 2027 को लेकर इस प्रदर्शन को देखा जा रहा है. इन सबके बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने एनडीटीवी नेटवर्क को एक इंटरव्यू दिया है जिसमें उन्होंने मौजूदा कांग्रेस का रियल्टी टेस्ट कर दिया है.
बृजभूषण शरण सिंह ने बताया क्यों कहा था ‘अखिलेश बिना सब सुना’
बृजभूषण शरण सिंह से पूछा गया कि पिछले दिनों उन्होंने कांग्रेस की तरफ से सपा के साथ गठबंधन में 150 सीटों की डिमांड पर कहा था- ‘अखिलेश बिन सब सुना’. इसपर उन्होंने कहा कि एक संदर्भ में यह बात कही गई थी. कांस्टीट्यूशन क्लब में इंडिया गठबंधन की बैठक थी. उसमें अखिलेश यादव नहीं गए थे. मीडिया ने मुझसे सवाल किया कि अखिलेश यादव इस मीटिंग में नहीं आ रहे. तो मैंने कहा कि उनका कोई प्रतिनिधि गया होगा. फिर मीडिया ने यह सवाल किया कि कांग्रेस 150 सीटें मांग रही है उत्तर प्रदेश के अंदर. तो मुझे हंसी आई और उसी संदर्भ में मैंने कहा- ‘अखिलेश बिना सब सुना.’