बेंगलुरु के सीगेहल्ली इलाके में जून 2026 में हुए ट्रिपल मर्डर ने झकझोर दिया था. यहां बेटी और लिव इन पार्टनर ने मिलकर अपने माता-पिता और छोटी बहन की हत्या कर दी थी. इस मामले में पुलिस ने बेटी श्वेता और उसके लिव इन पार्टनर टेक्नी जे केनेथ को गिरफ्तार किया था. घटना के 4 महीने बाद इस मामले में हुई जांच और पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं.
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर मुताबिक पुलिस की जांच में सामने आया है कि 25 वर्षीय टेक्नी जे केनेथ ने अपनी लिव-इन पार्टनर के परिवार पर हमला करने से पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से हमले के तरीके पूछे थे. उसने सिरका, चाकू, लाल मिर्च सहित हमले के कई तरीकों पर अपने एआई फ्रेंड से जानकारी ली थी. पुलिस को उसके लैपटॉप के सर्च हिस्ट्री में कई डरावने सवाल मिले हैं.
केनेथ ने एआई से पूछा था कि किचन के चाकू से जानलेवा हमला कैसे किया जाए? सिरका और मिर्च पाउडर से लोगों की आंखें कैसे फोड़ी जाएं? तीन लोगों के घुटने कैसे तोड़े जाएं और एकांत जगह पर घर में घुसे तीन चोरों को कैसे गिराया जाए? उसने कुछ सबसे खतरनाक हथियारों के इतिहास के बारे में भी पूछा था.
पुलिस का कहना है कि ये सवाल 22 जून को हमले से ठीक पहले किए गए थे. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “उसने एआई से कभी यह नहीं पूछा कि हत्या की सजा क्या होती है या पैसों की कमी को लेकर पूछने वाले लोगों को मारना सही है या नहीं, लेकिन हमले के कई तरीकों के बारे में पूछा था. वह एआई से नियमित बात करता था और उसे दोस्त की तरह मानता था.”
जांच में अपराध स्थल से सिरका और मिर्च पाउडर मिला था और एक बोतल भी मिली थी. व्हाइटफील्ड डिवीजन के डीसीपी सैदुलु अदावत ने बताया कि इसे फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है.
पैसे का दबाव बना मकसद
चार्जशीट के अनुसार, पूरे परिवार की हत्या के पीछे पैसा बड़ा कारण बनकर सामने आया है. जानकारी के मुताबिक केनेथ की लिव-इन पार्टनर श्वेता भी टेक्नी हैं.उसने एक साल में केनेथ के लिए कुल 52 लाख रुपये के लोन लिए थे. इसमें 30 लाख का बिजनेस लोन, बैंकों से 8 लाख और 6 लाख के पर्सनल लोन तथा दोस्त-रिश्तेदारों से 8 लाख रुपये शामिल थे.
कर्ज न चुकाने पर बैंक ने श्वेता के माता-पिता के घर नोटिस आ रहे थे. तब माता-पिता सोमासुंदर (55) और मुथुलक्ष्मी (50) को पता चला कि उनकी बेटी ने इतनी बड़ी रकम उधार ली है. इससे परिवार में झगड़ा हुआ. पिता ने केनेथ से पूछा कि पैसा कहां गया और नोटिस क्यों आ रहे हैं.
22 जून की रात साई ग्रीन अपार्टमेंट में यह झगड़ा खून-खराबे में तब बदल गया. जब सोमासुंदर, मुथुलक्ष्मी और उनकी 20 वर्षीय बेटी सुप्रिया पर हमला हुआ. सोमासुंदर कई चोटों के बावजूद भाग निकले और सुरक्षा कर्मियों को बताया कि केनेथ उनकी पत्नी और बेटी पर हमला कर रहा है. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई. मुथुलक्ष्मी और सुप्रिया भी चाकू के कई घावों से दम तोड़ गईं.
श्वेता ने अदालत में बयान दिया कि केनेथ ने उनके माता-पिता और बहन पर हमला किया, जबकि वह देखती रही.
इस मामले में पुलिस ने 2085 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की है. जांच अभी जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एआई ने केनेथ के सवालों के जवाब में क्या बताया था.