Last Updated:
Unmarried Women Financial Scheme: देशभर में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं. इसके अलावा प्रदेश के स्तर पर भी महिलाओं के लिए कई तरह की वित्तीय योजनाएं अमल में हैं. इन सबके बीच पश्चिम बंगाल की सुवेंदु सरकार ने एक अनूठा स्कीम लाने की घोषणा की है.
पश्चिम बंगाल की सुवेंदु अधिकारी सरकार अविाहित महिलाओं के लिए खास वित्तीय योजना लॉन्च करने की बात कही है. (फाइल फोटो)
Unmarried Women Financial Scheme: पश्चिम बंगाल की सुवेंदु अधिकारी सरकार ने राज्य में 14,454 सरकारी पदों पर अगले 6 से 8 महीने में भर्ती करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद यह घोषणा की. उन्होंने उच्च शिक्षा हासिल कर रही अविवाहित महिलाओं को तीन साल में 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने के लिए ‘भगिनी निवेदिता योजना’ को भी मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने बताया कि नई भर्तियों में वन, अग्निशमन सेवा, जेल, गृह एवं पर्वतीय मामलों समेत कई विभागों के पद शामिल होंगे. लोक सेवा आयोग (पीएससी) और राज्य पुलिस भर्ती बोर्ड को परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी दी गई है. उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था और वह इस लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रही है.
अधिकारी ने बताया कि पीएससी लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है. उन्होंने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में प्रशासनिक खामियों और ओबीसी प्रमाणपत्रों से जुड़ी जटिलताओं के कारण युवाओं को रोजगार से वंचित रखने का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 12,000 पुलिस पदों पर नियुक्ति संबंधी औपचारिकताएं 11 अक्टूबर से शुरू की जाएंगी. इसी दिन आयोजित एक कार्यक्रम में करीब 5,000 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे.
मंत्रिमंडल ने भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के तहत काम करने वाले अंशकालिक सफाईकर्मियों ‘कर्मबंधुओं’ का मासिक मानदेय 5,000 रुपये से बढ़ाकर 8,000 रुपये करने को मंजूरी दी है. यह बढ़ोतरी इसी महीने से प्रभावी होगी. इसके अलावा सरकारी छात्रावासों में रहने वाले अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों का मासिक भोजन भत्ता 1,800 रुपये से बढ़ाकर 3,300 रुपये कर दिया गया है. ‘भगिनी निवेदिता योजना’ अगले साल जनवरी से लागू होगी. इसके तहत उच्च शिक्षा हासिल करने वाली अविवाहित महिलाओं को पहले और दूसरे वर्ष 17-17 हजार रुपये तथा तीसरे वर्ष 16 हजार रुपये दिए जाएंगे. इस तरह तीन वर्षों में कुल 50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी.
अधिकारी ने बताया कि महालया के अवसर पर 10 अक्टूबर को राज्य पुलिस के लिए आपातकालीन नंबर 112 शुरू किया जाएगा. इसी दिन विभिन्न थानों को 400 वाहन और 450 मोटरसाइकिलें सौंपी जाएंगी. उन्होंने बताया कि महालया पर ईडन गार्डन्स में एक बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें करीब 45,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. कार्यक्रम में करीब 3,000 ड्रोन का विशेष शो आकर्षण का केंद्र होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि कई सरकारी कार्यक्रम महालया के बाद शुरू होकर त्योहारों के दौरान जारी रहेंगे. दुर्गा पूजा समितियों के लिए 26 अक्टूबर को विशेष ‘विजया सम्मिलनी’ आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों के लोकप्रिय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे.