‘ये तो डकैती है’, आधे-अधूरे शिमला-मटौर फोरलेन पर घट्टा टोल टैक्स में भारी इजाफा, 24 घंटे के शुल्क में 3 गुना बढ़ौतरी, नए रेट्स जानें

‘ये तो डकैती है’, आधे-अधूरे शिमला-मटौर फोरलेन पर घट्टा टोल टैक्स में भारी इजाफा, 24 घंटे के शुल्क में 3 गुना बढ़ौतरी, नए रेट्स जानें


धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने गुरुवार से मटौर-शिमला फोरलेन के घट्टा-रानीताल टोल प्लाजा पर टोल टैक्स में इजाफा कर दिया. अब कार और जीप के लिए एक दिन में आने-जाने का शुल्क 100 रुपये लगेगा. इससे पहले, पहले 35 रुपये लगते थे. ऐसे में अब लोग विरोध कर रहे हैं क्योंकि हाईवे का निर्माणा भी अधूरा है और साथ ही यहां पर नई बनीं सुरेंगें भी शुरू नहीं हुई हैं.

दरअसल, 1 अक्टूबर से इस टोल प्लाजा पर बदल गए हैं.  शिमला मटौर नेशनल हाईवे-88 पर टोल प्लाजा पर घट्टा टोल प्लाजा बनाया गया है.

एनएचआई के अनुसार,  चैलबहल से भंगवार और भंगवार से कांगड़ा बाइपास तक के हिस्से के लिए टोल लागू किया है. एनएचआई ने अपने नोटिस में संबंधित सड़क की लंबाई भी दी है, जिसमें 13.630 किलोमीटर का 4-लेन हिस्सा और 35.745 किलोमीटर का 2-लेन हिस्सा शामिल है.

नोटिस में स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों के लिए भी खास प्रावधान किया गया है और टोल के 20 किलोमीटर के दायरे में स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों के लिए मंथली पास ₹360 प्रति माह रखा गया है. बिना फास्टटैग के यूपीआई के जरिए भुगतान करने पर सामान्य शुल्क का 1.25 गुना शुल्क लिया जाएगा.  किसी आपात स्थिति में वाहन चालक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1033 पर संपर्क कर सकते हैं.

क्या हैं टोल रेट्स

कार, जीप, वैन या हल्के मोटर वाहन को एक तरफ की यात्रा के लिए 65 रुपये टोल देना होगा. यदि आप 24 घंटे में वापसी करते हैं तो शुल्क 100 रुपये रहेगा. वहीं 50 यात्राओं वाला मासिक पास 2,210 रुपये का होगा.

हल्के कमर्शियल वाहन, हल्के मालवाहक वाहन या मिनी बस के लिए एक तरफ का टोल 105 रुपये, जबकि उसी दिन वापसी का शुल्क 160 रुपये होगा. इनका 50 यात्राओं वाला मासिक पास 3,570 रुपये का होगा. दो एक्सल वाली बस या ट्रक के लिए एक तरफ 225 रुपये और वापसी यात्रा के लिए 340 रुपये देने होंगे. मासिक पास 7,480 रुपये में मिलेगा.तीन एक्सल वाले कमर्शियल वाहन के लिए सिंगल जर्नी शुल्क 245 रुपये, रिटर्न जर्नी 370 रुपये और 50 यात्राओं का मासिक पास 8,155 रुपये तय किया  गया है. चार से छह एक्सल वाले भारी वाहन के लिए एक तरफ का टोल 350 रुपये और उसी दिन वापसी का शुल्क 525 रुपये होगा. इनका 50 यात्राओं वाला मासिक पास 11,725 रुपये तय किया गया है. वहीं सात या उससे अधिक एक्सल वाले बड़े वाहनों को एक तरफ की यात्रा के लिए 430 रुपये और उसी दिन वापसी के लिए 645 रुपये टोल देना होगा. इनके लिए 50 यात्राओं वाला मासिक पास 14,275 रुपये का होगा.


स्थानीय लोगों के लिए 360 रुपये का मासिक पास

टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों के लिए मासिक पास की दर 360 रुपये प्रति माह रखी गई है. इसके अलावा साल 2026-27 के लिए वार्षिक पास 3,075 रुपये का होगा.

क्या कहता है कांगड़ा प्रशासन

कांगड़ा की एसडीएम डॉ अंजलि गर्ग ने प्रशासन के सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि टोल प्लाजा के 5 किमी के दायरे में रहने वाले लोगों को रियायत देने का मामला उच्चाधिकारियों के समक्ष उठाया है और अंतिम निर्णय आने में थोड़ा समय लग सकता है, इसलिए सभी से धैर्य और सहयोग की अपील है. हालांकि, लोगों ने कमेंट्स में सवाल उठाए हैं. युवक अंशु जोशी ने लिखा कि जिन लोगों ने कांगड़ा से सिर्फ रानीताल तक जाना है और फिर आगे देहरा जाना है, वो लोग भी 65 रुपये दें, ये गलत है. इस बारे में एसडीएम को एनएचआई से डिस्कस करना चाहिए. युवक अभिनव कि यह पूरी तरह से डकैती है, जिसे की प्रशासन इजाजत दे  रहा है. क्या यह पूरा रोड चालू हो गया है. मैं कांगड़ा से देहरा के लिए जाता हूं और वापसी करता हूं तो 100 रुपये किस बात के दूं, जबकि मैंने तो हाईवे के छोटे से हिस्से का इस्तेमाल किया. यह तर्कसंगत नहीं है. गौर रहे कि हाल ही में बीते सप्ताह लोगों ने भी प्रोटेस्ट किया था और एसडीएम ने लोगों से मौके पर जाकर बात की थी.



Source link