Last Updated:
Gwalior News: ग्वालियर पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है. आरोपी के मोबाइल से महिलाओं के 50 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है. मामले में सिर्फ एमपी की महिलाएं नहीं यूपी की महिलाएं भी शिकार हुईं हैं.
Gwalior News: एमपी के ग्वालियर पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है. जब पुलिस ने युवक को पकड़कर उसका मोबाइल खंगाला, तो उसमें महिलाओं के साथ 50 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिले. इन वीडियो में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों की महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं.
आरोपी की पहचान सिटी सेंटर के सारिका नगर में रहने वाले 40 वर्षीय योगेश गुप्ता के रूप में हुई है. वह पानी का प्लांट चलाता है. शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि वह सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से कांटेक्ट बनाता था. एक युवती ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की थी, जिसके आधार पर उस पर केस दर्ज किया जा रहा है.
महिलाओं को ऐसे फंसाता था
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, योगेश 40 से 50 साल की उम्र की विधवा, तलाकशुदा और अविवाहित महिलाओं को निशाना बनाता था. पहले वह उनसे दोस्ती करता और फिर वीडियो कॉल पर आपत्तिजनक हरकतें करवाता था. इस दौरान वह स्क्रीन रिकॉर्डर एप की मदद से पूरी रिकॉर्डिंग कर लेता था.पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि आरोपी स्पाई कैमरे से भी रिकॉर्डिंग करता था. वह इन सभी वीडियो को अपने पास सुरक्षित रखता था.
पुलिस एएसआई, डॉक्टर और साध्वी भी निशाने पर
बताया जा रहा है कि जिन महिलाओं को उसने निशाना बनाया, उनमें पुलिस एएसआई, डॉक्टर और साध्वी भी शामिल हैं. पुलिस को उसके मोबाइल में एक ऐसा वीडियो भी मिला है, जिसमें वह अपनी एक महिला मित्र के साथ वीडियो शूट करता दिख रहा है.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी ने कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया और क्या इन वीडियो का इस्तेमाल किसी को डराने या ब्लैकमेल करने के लिए किया गया. मोबाइल में मिले सभी वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है. इस घटना से साफ है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय बहुत सतर्क रहना चाहिए. किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ वीडियो कॉल पर प्राइवेट बातें या हरकतें न करें, क्योंकि स्क्रीन रिकॉर्डिंग से उसे आसानी से सेव किया जा सकता है. अगर कोई परेशान करे या धमकाए, तो तुरंत पुलिस से शिकायत करें.