Nainital Traffic Jam | Nainital traffic update

Nainital Traffic Jam | Nainital traffic update


Last Updated:

Nainital News: नैनीताल में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के साथ सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है. वीकेंड और पर्यटन सीजन में नैनीताल के अलावा कैंची धाम, भीमताल और रामनगर जैसे पर्यटन स्थलों पर भी जाम की समस्या सामने आ रही है. कई जगह कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में काफी समय लग रहा है. ऐसे में पुलिस अब ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तकनीक का सहारा लेने की तैयारी कर रही है. नैनीताल और जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर AI आधारित कैमरे लगाने का प्रस्ताव है, जिससे जाम और पार्किंग की स्थिति पर नजर रखने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही रियल टाइम डेटा के जरिए ट्रैफिक को मैनेज करने की योजना भी बनाई जा रही है.

Zoom

नैनीताल में जाम से निपटने के लिए पुलिस लेगी AI का सहरा (इमेज-AI)

गौरव जोशी/नैनीताल: नैनीताल में इन दिनों पर्यटकों की भीड़ अचानक बढ़ने लगी है. इसके साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है. वीकेंड और पर्यटन सीजन में हालात ऐसे हो रहे हैं कि कुछ किलोमीटर का रास्ता तय करने में भी पर्यटकों को घंटों लग रहे हैं. नैनीताल के साथ कैंची धाम, भीमताल और रामनगर जैसे पर्यटन स्थलों पर भी वाहनों की संख्या बढ़ने से पुलिस के सामने ट्रैफिक संभालने की चुनौती बढ़ गई है.

लगातार बढ़ रहे इस दबाव से निपटने के लिए अब पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था में तकनीक का इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है. नैनीताल समेत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI आधारित कैमरे लगाने का प्रस्ताव है. इन कैमरों की मदद से पता चल सकेगा कि कहां जाम लगा है, किस रास्ते पर वाहनों का दबाव ज्यादा है और पार्किंग में कितनी जगह खाली है.

एंट्री प्वाइंट और पार्किंग पर लगेंगे AI कैमरे

योजना के तहत पर्यटन स्थलों के एंट्री प्वाइंट और प्रमुख पार्किंग स्थलों पर AI आधारित कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव है. ये कैमरे सिर्फ वाहनों की तस्वीरें नहीं लेंगे, बल्कि अंदर आने और बाहर जाने वाले वाहनों का आंकड़ा भी तैयार करेंगे. इससे पुलिस को रियल टाइम में पता चल सकेगा कि किस दिशा से कितने वाहन आ रहे हैं और पार्किंग की स्थिति क्या है.

पुलिस ने कंपनी के साथ की बैठक

नैनीताल में एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्र ने कुमाऊं इन्फोटेक और नमामी इन्फोटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में कंपनी के प्रतिनिधियों ने AI आधारित ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम के बारे में जानकारी दी. योजना सिर्फ कैमरे लगाने तक सीमित नहीं है. होटल एसोसिएशन और पर्यटन कारोबारियों के साथ मिलकर एक ऐप के जरिए पर्यटकों और वाहनों की स्थिति पर रियल टाइम नजर रखने की भी तैयारी है.

नैनीताल से कैंची धाम तक बढ़ा वाहनों का दबाव

हाल के दिनों में नैनीताल और कैंची धाम में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग से लेकर रूसी बाईपास और कैंची धाम तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं. भीड़ बढ़ने के साथ जाम की समस्या भी बढ़ रही है. ऐसे में पुलिस अब पुराने ट्रैफिक सिस्टम के साथ तकनीक को जोड़कर जाम से निपटने की तैयारी कर रही है. AI से मिलने वाले रियल टाइम डेटा के आधार पर पुलिस को पहले ही पता चल सकेगा कि किस जगह वाहनों का दबाव बढ़ रहा है और कहां ट्रैफिक डायवर्ट करने की जरूरत है.

अभी प्रस्ताव के स्तर पर है योजना

प्रोजेक्ट सहायक पुष्कर त्यागी के मुताबिक, अगर AI आधारित यह व्यवस्था लागू होती है तो ट्रैफिक को संभालने में काफी मदद मिल सकती है. रियल टाइम डेटा से पुलिस को जाम वाले स्थान और वाहनों के दबाव की जानकारी पहले मिल सकेगी. हालांकि, अभी यह योजना प्रस्ताव के स्तर पर है. इसे लागू करने के लिए शासन और प्रशासन की मंजूरी का इंतजार है. मंजूरी मिलने के बाद नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर ट्रैफिक व्यवस्था में AI का इस्तेमाल किया जा सकेगा.



Source link