सोयाबीन बेचने वाले किसान यहां करवा सकते हैं पंजीयन, ये दस्तावेज जरूरी
Last Updated:
बुरहानपुर जिले में सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए भावांतर योजना के तहत पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है. किसान 17 अक्टूबर तक 15 केंद्रों और ऑनलाइन माध्यम से पंजीयन करवा सकते हैं. सोयाबीन की फसल तैयार होने के बाद किसानों के लिए यह पंजीयन बेहद महत्वपूर्ण है.
बुरहानपुर. जिले में सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए शासन की भावांतर योजना लागू की गई है. योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है. जिले में पंजीयन प्रक्रिया 3 अक्टूबर से शुरू हुई 17 अक्टूबर तक चलेगी. इसके लिए जिले की 15 सहकारी समितियों में पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं. जहां किसान निर्धारित अवधि में अपना पंजीयन करा सकते हैं.
लोकल 18 की टीम को केंद्र प्रभारी नरेंद्र निकम ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीयन के लिए कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं. किसान रेणुका कृषि उपज मंडी और नजदीकी सहकारी समिति के पंजीयन केंद्र पर जाकर प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं. इसके अलावा एमपी ऑनलाइन लोक सेवा केंद्र ग्राहक सुविधा केंद्र, साइबर कैफे और एमपी किसान एप के माध्यम से भी ऑनलाइन पंजीयन कराया जा सकता है. इससे किसानों को पंजीयन के लिए किसी एक केंद्र पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
पंजीयन के लिए इन दस्तावेजों की जरूरत
भावांतर योजना के तहत पंजीयन कराने के लिए किसानों को कुछ आवश्यक दस्तावेज साथ रखने होंगे. इनमें आधार कार्ड, समग्र आईडी, भू-अधिकार पुस्तिका, खसरा और मोबाइल नंबर प्रमुख हैं. किसानों को सलाह दी गई है कि पंजीयन कराने से पहले सभी दस्तावेज तैयार रखें ताकि प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो.
मंडी में बेचना होगा सोयाबीन
योजना का लाभ लेने के लिए केवल पंजीयन कराना ही पर्याप्त नहीं होगा. पंजीकृत किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी सोयाबीन उपज मंडी में बेचनी होगी. इसके बाद शासन की योजना के प्रावधानों के अनुसार भावांतर का लाभ दिए जाने की प्रक्रिया होगी.
सोयाबीन की फसल तैयार होने के बाद किसानों के लिए यह पंजीयन बेहद महत्वपूर्ण है. ऐसे में किसान अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर अपना पंजीयन करा लें. साथ ही पंजीयन के दौरान दिए जाने वाले दस्तावेजों और मोबाइल नंबर की जानकारी सही दर्ज कराएं ताकि आगे योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए.