Last Updated:
Vimla Pradhan Passes Away: झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान का रांची में निधन हो गया. वे सिमडेगा से 2009 और 2014 में लगातार दो बार विधायक रहीं. उन्होंने समाज कल्याण और पर्यटन मंत्री के रूप में कार्य किया. वर्ष 2017 में उन्हें ‘उत्कृष्ट विधायक’ का सम्मान मिला था.
झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान की फाइल फोटो
रांची: झारखंड की पूर्व मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता विमला प्रधान का रांची में निधन हो गया है. वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं. उनका इलाज रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में किया जा रहा था. इलाज के दौरान शुक्रवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है.
शनिवार सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय लाया जाएगा. यहां पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे.
सिमडेगा से दो बार रहीं विधायक
विमला प्रधान झारखंड की राजनीति में एक जाना-माना नाम थीं. वे सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर दो बार विधायक चुनी गईं. उन्होंने साल 2009 और 2014 के विधानसभा चुनाव में लगातार जीत दर्ज की थी. विधायक रहते हुए उन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया.
पर्यटन और समाज कल्याण मंत्री के रूप में दी सेवाएं
विमला प्रधान झारखंड सरकार में अहम पदों पर रहीं. उन्होंने पर्यटन, समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास मंत्री के रूप में जिम्मेदारियां संभालीं. विधानसभा में उनके बेहतर कामकाज को देखते हुए साल 2017 में उन्हें ‘उत्कृष्ट विधायक’ के सम्मान से नवाजा गया था.
राजनीतिक दिग्गजों ने जताया शोक
विमला प्रधान के निधन पर प्रदेश के दिग्गज नेताओं ने गहरा दुख जताया है. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि उनका जाना राज्य, समाज और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा और जनजातीय समाज के उत्थान में लगा दिया.
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि समाज और संगठन के प्रति विमला प्रधान का समर्पण हमेशा याद किया जाएगा. उनके निधन से सिमडेगा और पूरे प्रदेश के समर्थकों में शोक का माहौल है.