‘मम्मी सो रही है’, मां की मौत से अनजान उसी घर में खेलती रही 5 साल की बच्ची, हर किसी का दिल दहला गया यह दृश्य

‘मम्मी सो रही है’, मां की मौत से अनजान उसी घर में खेलती रही 5 साल की बच्ची, हर किसी का दिल दहला गया यह दृश्य


Last Updated:

Vaishali Crime News: वैशाली के बिदुपुर में एक घर के अंदर का दृश्य देखकर हर किसी का कलेजा दहल गया. बिस्तर पर 22 साल की आशा देवी की लाश पड़ी थी और उसी घर में उनकी 5 साल की बेटी बेखबर होकर खेल रही थी. बच्ची यह सोच रही थी कि उसकी मां सो रही है. उसे यह पता ही नहीं था कि जिस मां के पास वह कुछ देर पहले तक खेल रही थी, वह अब इस दुनिया में नहीं है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Zoom

22 साल की आशा देवी की हत्या का आरोप उसके पति पर है.

वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर वार्ड 6 से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर संवेदनशील व्यक्ति को परेशान कर दिया. कमरे में एक तरफ बिस्तर पर 22 साल की आशा देवी की लाश पड़ी थी, जिसे उसके पति ने डंडे से पीट-पीटकर मार डाला था.दूसरी ओर उसी घर में, उसी लाश से कुछ कदम दूर उसकी 5 साल की मासूम बेटी अंशिका अकेली खेल रही थी. उसे नहीं पता था कि उसकी मां अब कभी नहीं उठेगी. वह यही सोच रही थी कि शायद मां अभी सो रही है और सोकर उठेगी तो उसे दुलार देगी. बच्ची की मां की मौत हो चुकी थी, लेकिन घर के बाकी लोग वहां से फरार थे. इस बीच किसी माध्यम से सूचना मिलने के बाद मायके वाले पहुंचे तो उन्हें इस खौफनाक वारदात का पता चला.

बगल में मां की लाश, और खेलती रही मासूम अंशिका

जब आशा देवी के मायके वालों को गांव के एक व्यक्ति ने रविवार की सुबह फोन कर कहा कि आपकी बेटी की मौत हो गई है, तो वे भागे-भागे मधुरापुर पहुंचे. घर का दरवाजा खुला था, अंदर सन्नाटा था. देखा तो आशा का शव बिस्तर पर पड़ा था और आंगन में 5 साल की अंशिका अकेली गुड्डे-गुड़ियों से खेल रही थी. पिता गणेश पासवान ने रोते हुए बताया कि जब हम पहुंचे तो घर के सभी लोग फरार थे, सिर्फ मेरी नातिन घर में अकेली थी. वो मासूम अभी भी अपनी मां को आवाज दे रही थी.

दूसरी शादी, बच्चों को लेकर कलह और फिर हत्या

मृतका की पहचान आशा देवी, पिता गणेश पासवान, उम्र 22 साल के रूप में हुई है. उसका मायका राघोपुर के जुरावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव वार्ड 12 में है. मृतका की 5 साल की बेटी का नाम अंशिका कुमारी है. ये दोनों की दूसरी शादी थी. जानकारी के अनुसार, ढाई साल पहले बिदुपुर के मधुरापुर निवासी सुजीत पासवान पिता विलास पासवान से उसकी शादी हुई थी. सुजीत की पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी, उससे उसके दो बच्चे हैं. वहीं, आशा के भी पहले पति की बीमारी से मौत हो गई थी, जिससे उसकी बेटी अंशिका है. शादी से पहले दोनों पक्षों ने बच्चों की बात बता दी थी. परिजनों का आरोप है कि बच्चों को लेकर ही अक्सर विवाद होता था और बीती रात इसी विवाद में सुजीत ने डंडे से पीट-पीटकर आशा की हत्या कर दी.

पुलिस जांच में जुटी, एफएसएल टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पति सुजीत पासवान और उसके परिवार की तलाश शुरू कर दी है. एक मासूम की आंखों के सामने उसकी मां को छीन लेने वाली इस वारदात से पूरे गांव में गम और गुस्सा है.

अब मां के बिना रह गई मासूम

आशा की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल उस 5 साल की बच्ची अंशिका को लेकर है. जिस घर में वह अपनी मां के साथ रह रही थी, वहीं अब उसकी मां की हत्या हो चुकी है. घटना के बाद घर में अकेली मिली बच्ची को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. बहरहाल, एक तरफ पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है, तो दूसरी तरफ उस मासूम के सामने जिंदगी का सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. उसे अभी शायद पूरी तरह समझ भी नहीं है कि मां आखिर कहां चली गई.



Source link