Last Updated:
बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. राहत कार्यों में सहयोग देते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बड़ा दिल दिखाया है. उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में अपने 3 महीने का वेतन ₹6,35,000 मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया है. प्रभावितों तक मदद पहुंचाई जा रही है.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की फोटो
पटना: बिहार में इस समय बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. नेपाल और जलग्रहण क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण गंगा, कोसी, गंडक और पुनपुन जैसी प्रमुख नदियां उफान पर हैं. राज्य के करीब 15 जिलों में 49 लाख से अधिक आबादी बाढ़ की इस आपदा से प्रभावित हुई है. बाढ़ पीड़ितों तक सहायता पहुंचाने के लिए राहत शिविर, कम्युनिटी किचन और राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है. इस बीच भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष को योगदान दिया है.
सरकार रख रही है पल-पल की नजर बिहार में बाढ़ के बिगड़े हालातों पर राज्य सरकार लगातार निगरानी बनाए हुए है. प्रभावित इलाकों में बाढ़ पीड़ितों तक समय पर भोजन, पीने का पानी और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा हुआ है. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में तैनात की गई हैं.
भाजपा अध्यक्ष ने दिया तीन महीने का वेतन
इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहत कार्यों में अपना योगदान दिया है. उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में अपने तीन महीने के वेतन की पूरी राशि 6,35,000 रुपये ‘मुख्यमंत्री राहत कोष’ में देने की घोषणा की है.
नितिन नवीन ने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है. राहत कार्यों की रफ्तार बनाए रखने के लिए जरूरी संसाधनों की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार पूरी मजबूती से बिहार की जनता के साथ खड़ी है.
किसानों को भी मिलेगी राहत
सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों को डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधी आर्थिक सहायता भी मुहैया करा रही है. इसके साथ ही बाढ़ के कारण फसलों को हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पीड़ित परिवार राहत से वंचित न रहे.