Last Updated:
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले यमुना पुल पर तेज रफ्तार एक कार के ट्रक से टकराने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई. ऊना जिले में ट्रक हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई.
हिमाचल के सिरमौर में हादसे में तीन युवकों की मौत.
नाहन. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले यमुना पुल पर तेज रफ्तार एक कार के ट्रक से टकराने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई. ऊना में एक डंप्पर की वजह से मां और बेटी की जान चली गई. दोनों ही मामलों की हिमाचल पुलिस जांच कर रही है. दोनों हादसों में मा बेटी, जिम ट्रेनर समेत पांच लोगों की मौत हो गई.
सिरमौर पुलिस के अनुसार, जिले के पावंटा साहिब में कुल्हान पुल पर एक हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे उस समय हुआ, जब उत्तराखंड जा रही हुंडई क्रेटा कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई. पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस और कुछ स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में सवार लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सिरमौर जिले के शिलाई निवासी 32 वर्षीय तरसेम सिंह, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के शांति नगर निवासी 37 वर्षीय अमित कुमार और ग्रेटर नोएडा निवासी 30 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है. रविवार को पांवटा के सरकारी अस्पताल में तीनों के शवों का पोस्टमार्टम किया गया और परिजनों को शव सौंपे गए. शिलाई के तरसेम नेगी जिम ट्रेनर थे. सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने मौतों की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि पांवटा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है.
ऊना में मां बेटी की मौत
एक अन्य हादसे में मां बेटी की मौत हो गई. ऊना के हरोली के औद्योगिक इलाके बाथड़ी में रविवार शाम को एक टिप्पर चढ़ाई पर चलते चलते रुक गया और फिर पीछे की ओर करीब 10 फुट गहरे गड्ढे में प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों पर जा गिरा. इस दौरान झुग्गी में मौजूद रिंकू देवी (40 वर्ष) और उनकी 6 वर्षीय बेटी कोमल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मोहन रावत सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों और टिप्पर चालक की तलाश को लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है. ट्रक पंजाब नंबर का है और क्रशर से रेत बजरी ले जाता था.