Last Updated:
Patna Hotel Raid: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में पुलिस ने दो होटलों में छापेमारी कर कथित देह-व्यापार के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान केन्या की रहने वाली एक विदेशी महिला समेत तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया है. वहीं, दोनों होटलों के मैनेजरों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने होटल के कमरों से मोबाइल फोन, रजिस्टर, पासपोर्ट की छायाप्रति समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
पटना के 2 होटलों में कथित देह-व्यापार का खुलासा
पटना. दानापुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो होटलों में छापेमारी कर कथित देह-व्यापार के मामले का खुलासा किया है. दानापुर एएसपी अजीत कुमार के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि सगुना मोड़ और गोला रोड स्थित होटलों में बाहर से महिलाओं और लड़कियों को बुलाकर देह-व्यापार कराया जा रहा है.सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर दानापुर थाना पुलिस और तकनीकी टीम ने संयुक्त रूप से दोनों होटलों में छापेमारी की. पुलिस की पहली कार्रवाई सगुना मोड़ स्थित होटल ड्रीम विला में हुई, जहां से केन्या की रहने वाली एक विदेशी महिला को रेस्क्यू किया गया. वहीं, गोला रोड स्थित होटल मगध सम्राट में भी छापेमारी कर दो महिलाओं को रेस्क्यू कराया गया.
विदेशी महिला का पटना कनेक्शन भी जांच के दायरे में
पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू की गई महिलाओं में एक पश्चिम बंगाल और दूसरी छत्तीसगढ़ की रहने वाली है. कार्रवाई के दौरान होटल से रजिस्टर, मोबाइल फोन, पासपोर्ट की छायाप्रति (फोटो कॉपी) और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं. मामले में दोनों होटलों के मैनेजरों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन होटलों में कथित तौर पर यह गतिविधि कब से चल रही थी, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और विदेशी महिला समेत अन्य महिलाओं का पटना से संपर्क कैसे हुआ.
होटल से लेकर नेटवर्क तक जांच का दायरा बढ़ा
दानापुर एएसपी अजीत कुमार ने बताया कि मामले में देह-व्यापार से संबंधित कानून और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दानापुर थाना कांड संख्या 1130/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, दानापुर में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों होटलों में कथित देह-व्यापार का नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसमें होटल प्रबंधन के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं.