कृष्ण जन्मभूमि को लेकर मथुरा में धर्म संसद, भव्य मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पास, 6 दिसंबर के कार्यक्रम का ऐलान

कृष्ण जन्मभूमि को लेकर मथुरा में धर्म संसद, भव्य मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पास, 6 दिसंबर के कार्यक्रम का ऐलान


Last Updated:

Krishna Janambhoomi Dharma Sansad: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले मथुरा का श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुद्दा फिर गरमाता दिख रहा है. मथुरा में आयोजित धर्म संसद में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने समेत 12 प्रस्ताव पास किए गए. साथ ही 6 दिसंबर को मंदिर निर्माण की मांग को लेकर देशभर से भक्तों के मथुरा पहुंचने का ऐलान किया गया. धर्म संसद में ‘ब्रज स्वाभिमान अभियान’ चलाने की भी घोषणा हुई.

Zoom

श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए 6 दिसंबर को कार्यक्रम.

मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है. मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य कृष्ण मंदिर बनाने की मांग को लेकर धर्म संसद का आयोजन किया गया. इसमें मंदिर निर्माण समेत कुल 12 प्रस्ताव पास किए गए. धर्म संसद में अलग-अलग राज्यों के साधु-संतों और हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया. श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा विवाद फिलहाल अदालत में भी विचाराधीन है.

धर्म संसद में मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे पास कर दिया गया. इसके साथ ही सनातन संस्कृति और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और संरक्षण से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए गए. कार्यक्रम में शामिल संतों और संगठनों ने 6 दिसंबर को मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण की मांग को लेकर बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया.

उनका कहना है कि इस दिन देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु और संगठन से जुड़े लोग मथुरा पहुंचेंगे. इससे पहले भी संतों की ओर से 6 दिसंबर को कारसेवा की घोषणा की जा चुकी है. धर्म संसद में ‘ब्रज स्वाभिमान अभियान’ चलाने का भी ऐलान किया गया. आयोजकों की ओर से कहा गया कि जो राजनीतिक दल श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की मांग के साथ नहीं होगा, उसके कार्यालय के बाहर नारायणी सेना की ओर से बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे और प्रदर्शन किया जाएगा.

कार्यक्रम में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय समेत कई साधु-संतों ने अपनी बात रखी. इंडोनेशिया समेत दूसरे राज्यों से आए संतों की भी मौजूदगी बताई गई है. विश्व हिंदू रक्षा परिषद इससे पहले भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर मथुरा कूच का ऐलान कर चुका है.

धर्म संसद में यह भी कहा गया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा. आयोजकों ने इसे धार्मिक और सामाजिक स्तर पर चलने वाला अभियान बताया है. बता दें कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह से जुड़ा विवाद अदालत में चल रहा है. हाल में सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले की सुनवाई हुई, जिसमें कोर्ट ने बार-बार सुनवाई टलने पर चिंता जताई थी. अगली सुनवाई 6 नवंबर को होने की बात सामने आई है.



Source link