मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के जयनगर से नई दिल्ली जा रही ट्रेन नंबर 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में उस समय यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ट्रेन की AC बोगी A-2 में एक खतरनाक सांप दिखाई दिया. सांप को देखने के बाद यात्रियों में डर का माहौल बन गया. खासकर परिवार और बच्चों के साथ सफर कर रहे यात्री काफी चिंतित नजर आए. इसी बीच ट्रेन में सफर कर रहे अरुण ठाकुर नाम के एक यात्री ने पूरे मामले का वीडियो शेयर कर रेलवे व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ट्रेन की AC बोगी में दिखा सांप
यात्री अरुण ठाकुर के मुताबिक, वह अपने परिवार और बच्चों के साथ स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में सफर कर रहे हैं. ट्रेन जयनगर से दिल्ली की ओर जा रही है और दरभंगा पहुंचने वाली थी. इसी दौरान एसी कोच A-2 में सांप दिखाई दिया. सांप नजर आने के बाद बोगी में मौजूद यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया. कई यात्री इस बात को लेकर परेशान हैं कि आखिर सांप को बोगी से बाहर कैसे निकाला जाएगा. ऐसे में यात्रियों के बीच डर का माहौल बना हुआ है.
यात्री का कहना है कि सांप कोई सामान्य चीज नहीं है .अगर वह किसी यात्री के सामान, सीट या बर्थ के आसपास पहुंच जाता है, तो गंभीर खतरा पैदा हो सकता है. बच्चों के साथ सफर कर रहे परिवारों की चिंता और बढ़ गई है. क्योंकि सांप के काटने से लोगों की जान तक जा सकती है. ऐसे में उन्होंने रेलवे में इसकी शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई
यात्री अरुण ठाकुर के अनुसार, सांप दिखाई देने के बाद उन्होंने ट्रेन के टीटी से भी इसकी शिकायत की. यात्री का दावा है कि टीटी की ओर से भी यह कहा गया कि वह इस मामले में आखिर क्या कर सकते हैं. यात्री के मुताबिक, ट्रेन में मौजूद वेंडर भी सांप पकड़ने के विशेषज्ञ नहीं होते, ऐसे में उनसे सांप को पकड़ने की उम्मीद नहीं की जा सकती है. ऐसे समय यात्री क्या कर सकते हैं. यात्री ने रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर भी शिकायत किए जाने की बात कही है. हालांकि उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. यही वजह है कि यात्रियों में नाराजगी के साथ-साथ डर भी बना हुआ है.
सांप बोगी में है तो नींद कैसे आएगी
वीडियो में यात्री की चिंता साफ नजर आती है. उनका कहना है कि जब एसी बोगी में सांप मौजूद है, तो आखिर यात्री चैन की नींद कैसे सो सकते हैं. रात के सफर में किसी यात्री के पैर या सामान के पास सांप पहुंचने की आशंका से लोग डरे हुए हैं. वहीं, बताया जा रहा है कि समस्तीपुर डीआरएम और दरभंगा में रेलवे की ओर से कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है. हालांकि खबर लिखे जाने तक सांप को पकड़ने या यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है.
यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
वहीं, ट्रेन की एसी बोगी में सांप मिलने की घटना ने रेलवे की साफ-सफाई और यात्री सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों का कहना है कि अगर ट्रेन के भीतर किसी जहरीले या खतरनाक जीव के मौजूद होने की शिकायत मिलती है, तो रेलवे को तत्काल विशेषज्ञ टीम की मदद से उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना चाहिए. फिलहाल स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के A-2 कोच में सांप मिलने की घटना यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.