Last Updated:
Mahakal Bhasma Aarti Darshan 04 October 2026: दुनियाभर से आए श्रद्धालुओं ने आज (04 अक्टूबर 2026, दिन रविवार) भगवान श्री महाकालेश्वर के दिव्य दर्शन लाभ लिए. भक्तों ने बाबा से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री महाकाल की भस्म आरती संपन्न कराई गई. इस शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में काफी संख्या में भक्त मौजूद रहे.
उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर (Shri Mahakaleshwar Bhasmaarti Darshan) में बाबा की भस्म आरती का विशेष स्थान है. इसके दर्शन के लिए देश-दुनिया से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं. आज (04 अक्टूबर 2026, दिन रविवार) सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए. पुजारियों द्वारा सबसे पहले वीरभद्र जी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया गया. इसके बाद उनकी आज्ञा लेकर चांदी द्वार खोला गया और फिर गर्भगृह के कपाट खोले गए. पुजारियों ने उज्जैन के राजा श्री महाकाल का मनमोहक श्रृंगार उतारकर पंचामृत से पूजन किया. इसके बाद कर्पूर आरती की गई.
कर्पूर आरती के बाद श्री महाकालेश्वर का जलाभिषेक किया गया. दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से बाबा का पूजन-अर्चन किया गया. इस दौरान महाकाल को सिंदूर, भांग, चंदन और आभूषणों से राजा स्वरूप में सजाया गया. भगवान को सूखी मेवा, कई तरह के फलों और मिठाइयों का भोग लगाया गया. इसके बाद ज्योतिर्लिंग पर पवित्र भस्म चढ़ाई गई. श्री महाकालेश्वर को रजत का शेषनाग मुकुट, रुद्राक्ष की माला, रजत की मुंडमाला और सुगंधित फूलों की मालाएं पहनाई गईं. वहीं नंदी हॉल में शिवगण नंदी का स्नान, ध्यान और पूजन किया गया.
भक्तों को मिलेगा बाबा को अर्पित प्रसाद
बताते चलें कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशन में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अभिनव पहल की जा रही है. इसके तहत मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल को अर्पित की गई प्रसादी उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है. इस व्यवस्था के लिए मंदिर के प्रमुख स्थानों पर विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे. प्रथम चरण में मंदिर परिसर और निर्गम चैनल के समीप काउंटर के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया जाएगा.
पुष्प और बेलपत्र भी दिए जाएंगे
श्रद्धालुओं को परंपरागत प्रसादी के साथ बाबा महाकाल को अर्पित पुष्प और बेलपत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल का आशीर्वाद स्वरूप प्रसादी सहज रूप से उपलब्ध कराना और उनकी धार्मिक आस्था से जुड़े अनुभव को और अधिक सार्थक बनाना है. श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक भावनाओं को केंद्र में रखते हुए इस व्यवस्था को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा.