Last Updated:
Saran News: बाढ़ का पानी, तेज बहाव और उसी बीच सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की कोशिश. सारण के पानापुर में 11 साल के किशोर किशन कुमार के लिए लाइक, सब्सक्राइब और फॉलो के जुनून में की गई यह कोशिश जानलेवा साबित हुई. अपने सोशल मीडिया अकाउंट के पोस्ट पर व्यूज बढ़ाने की कोशिश में किया गया यह काम उसकी जान ही ले लिया. रील बनाने के चक्कर में वह धेनुकी गांव के पास तेज धार में बहकर गहरे पानी में चला गया. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
सारण में बाढ़ के बीच रील बनाने की कोशिश बनी जानलेवा, 11 वर्षीय किशन की डूबने से मौत
छपरा. बाढ़ के पानी के बीच सोशल मीडिया के लिए रील बनाना सारण के पानापुर में 11 साल के किशोर की जिंदगी पर भारी पड़ गया. धेनुकी गांव के पास बाढ़ के तेज बहाव में किशोर गहरे पानी में चला गया और डूब गया. काफी तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने उसका शव बरामद किया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
बताया जा रहा है कि किशन बाढ़ के पानी के पास खड़ा होकर सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था. इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते वह लापता हो गया. उसके साथ मौजूद 25 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार, पिता ग्रहण भगत भी पानी में डूब गया था. हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए धर्मेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उसका इलाज पानापुर पीएचसी में कराया गया.
एसडीआरएफ ने बरामद किया शव
किशन के पानी में लापता होने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और खोजबीन अभियान चलाया. काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने किशन का शव बरामद कर लिया. शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय स्तर पर भी लोगों की भीड़ जुट गई.
तटबंध टूटने के बाद पानापुर में बाढ़
बता दें कि पानापुर प्रखंड में इस समय बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. 1 अक्टूबर को गंडक नदी के बढ़ते दबाव के कारण सरौजा भगवानपुर के पास सारण मुख्य तटबंध टूट गया था. इसके बाद बाढ़ का पानी निचले इलाकों में तेजी से फैलने लगा. बाढ़ के कारण पानापुर के कई गांव प्रभावित हैं और कई जगह पानी का बहाव तेज है. प्रशासन और बचाव दल राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं.
बाढ़ के पानी से दूर रहने की अपील
बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. पानापुर में पहले भी तेज बहाव में लोगों के बहने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. किशन की मौत के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों से बाढ़ के पानी और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की जा रही है.