Aaj Ka Mausam: बिहार में मानसून की विदाई शुरू, बारिश थमी पर बाढ़ से हाहाकार, सारण समेत 6 जिलों में भारी तबाही

Aaj Ka Mausam: बिहार में मानसून की विदाई शुरू, बारिश थमी पर बाढ़ से हाहाकार, सारण समेत 6 जिलों में भारी तबाही


Last Updated:

Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. बारिश थमने के बावजूद बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है. गंडक नदी का तटबंध टूटने से सारण समेत 6 जिलों में भारी तबाही हुई है. करीब 255 गांव पानी में डूबे हैं. 4 लाख आबादी प्रभावित है और हजारों लोग घर छोड़ने पर मजबूर हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)

पटना: बिहार में अब मानसून की रफ्तार पूरी तरह से धीमी पड़ चुकी है. मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को राज्य के किसी भी जिले में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत के कई हिस्सों से मानसून वापस लौट रहा है. बारिश की गतिविधियां कम होने और धूप निकलने की वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.

आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. हालांकि, सुबह और रात के समय तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस होगी. इसके बावजूद हवा में नमी बनी रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

बाढ़ का कहर जारी: 6 जिलों के 255 गांव डूबे

  • एक तरफ मौसम साफ हो रहा है, तो दूसरी तरफ राज्य में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. गंडक नदी के उफान और तटबंध टूटने से बिहार के 6 जिलों के करीब 255 गांव पानी में डूब गए हैं. इस प्राकृतिक आपदा से लगभग 4 लाख लोग सीधे प्रभावित हुए हैं.
  • अब तक 44 हजार से अधिक लोग अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं. बाढ़ की सबसे मार झेलने वाला जिला सारण है. यहां गंडक नदी का तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से रिहाइशी इलाकों में फैल गया. सिर्फ सारण जिले के ही 170 से ज्यादा गांव पानी से घिरे हुए हैं.

तेजी से लौट रहा है मानसून

  • मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों में राज्य भर में बारिश में भारी कमी आई है. मानसून की वापसी की रेखा अब सुपौल, रांची, रायपुर, बेमेतरा, परभणी और बारामती से होकर गुजर रही है. मानसून के पीछे हटने के साथ ही उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मौसम में बदलाव आ रहा है. बिहार के ज्यादातर हिस्सों में अब मौसम सामान्य बना रहेगा.

पटना में कैसा रहेगा मौसम?

  • राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक हल्के बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, 4 अक्टूबर को पटना में अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 25°C रहने का अनुमान है. दिन भर आसमान साफ रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम के समय थोड़े बादल आ सकते हैं.
  • 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 1 डिग्री गिरकर 33°C हो सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25°C ही रहेगा. 6 अक्टूबर को अधिकतम पारा और गिरकर 32°C तक आ सकता है और हल्की बारिश की संभावना है. 7 अक्टूबर को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहेगा और बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.

24 घंटे में सिर्फ पश्चिम चंपारण में बरसे बादल

  • राज्य के बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में बिहार में नाममात्र की बारिश हुई है. सिर्फ पश्चिम चंपारण जिले में 0.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 92 प्रतिशत कम है. इसके अलावा राज्य के बाकी सभी जिलों में बारिश बिल्कुल शून्य रही, यानी सामान्य के मुकाबले 100 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई.

कैमूर रहा सबसे गर्म, राजगीर में सबसे ठंडी रात

  • बारिश रुकते ही राज्य भर में दिन के तापमान में तेजी से उछाल आया है. पिछले 24 घंटे के दौरान कैमूर जिला 37.2°C तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा. वहीं औरंगाबाद 36°C के साथ दूसरे नंबर पर रहा.
  • अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो पटना में अधिकतम तापमान 33.6°C, मुजफ्फरपुर में 32°C, दरभंगा में 35°C, भागलपुर में 33.7°C, पूर्णिया में 34.4°C और गया में 32.8°C दर्ज किया गया. दूसरी ओर, नालंदा के राजगीर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.8°C रिकॉर्ड किया गया.



Source link