Last Updated:
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मानसून अपने आखिरी दौर में है. राज्य में मानसूनी गतिविधियां लगभग खत्म हो चुकी हैं. आज (04 अक्टूबर 2026, दिन रविवार) प्रदेश के सभी जिलों में बारिश के कोई आसार नहीं हैं. आसमान बिल्कुल साफ रहेगा.
MP में अगले कुछ दिन बारिश नहीं होगी. (फोटो- AI)
जबलपुर. मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई का काउंटडाउन शुरू हो गया है. सभी जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसके चलते गर्मी महसूस हो रही है. हालांकि शाम होते ही तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे मौसम सुहावना हो रहा है. फिलहाल अब भारी बारिश की संभावना बिल्कुल न के बराबर है. आज यानी 04 अक्टूबर 2026, दिन रविवार को IMD ने किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की है. सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अब धीरे-धीरे दिन के तापमान में वृद्धि हो रही है, जिससे थोड़ी गर्मी महसूस हो रही है लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे मौसम खुशनुमा हो रहा है. आने वाले कुछ दिनों में ठंड महसूस होने लगेगी. पिछले 24 घंटों में राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस धार में दर्ज किया गया और सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस गिरवर (शाजापुर) और इंदौर में रिकॉर्ड किया गया.
भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में भी आज मौसम साफ रहेगा. दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी महसूस हो सकती है लेकिन शाम होते-होते तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी. इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर समेत लगभग सभी जिलों में मौसम कुछ इसी तरह का बना रहेगा.
सिर्फ 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा
गौरतलब है कि राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिन में विदा होने की संभावना है. एमपी में एक जून से 30 सितंबर तक माना जाने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसूनी पीरियड अब आधिकारिक रूप से खत्म हो गया है. आखिरी सप्ताह में अच्छी बारिश न होने के कारण प्रदेश के 55 में से 30 जिलों में सामान्य बारिश का कोटा पूरा नहीं हो पाया. सिर्फ 25 जिलों में कोटा फुल हुआ. भोपाल और ग्वालियर समेत महज 25 जिले ही ऐसे हैं, जहां बारिश का कोटा पूरा हो सका है. निवाड़ी-मऊगंज में 150 फीसदी से ज्यादा पानी बरसा जबकि आलीराजपुर में सामान्य की आधी बारिश भी रिकॉर्ड नहीं की गई. प्रदेश से मानसून की पूरी तरह विदाई होने तक अब जो भी बारिश होगी, वह बोनस जैसी मानी जाएगी.