Last Updated:
Supernova Building : नोएडा में बन रही सुपरनोवा बिल्डिंग करीब 80 मंजिल की है और इसे यूपी की सबसे ऊंची इमारत भी माना जाता है. करीब 300 मीटर की यह इमारत कुतुबमीनार के मुकाबले चार गुना ज्यादा है. वैसे तो इसका निर्माण 2012 में शुरू हुआ था, लेकिन इसे बनाने वाली कंपनी सुपरटेक के दिवालिया होने की वजह से काम आज तक अधूरा पड़ा है. हालांकि, अब कोर्ट के आदेश पर इसे पूरा किया जा रहा है.
नोएडा में बन रही सुपरनोवा बिल्डिंग में 80 मंजिल बनाई जानी है.
नई दिल्ली. नोएडा में यमुना नदी के किनारे बन रही यूपी की सबसे ऊंची बिल्डिंग सुपरनोवा एक बार फिर सुर्खियों में है. अभी तक धीमे निर्माण कार्य को लेकर विवादों में रही यह बिल्डिंग इस बार एक युवक की आत्महत्या को लेकर चर्चा में है. खबर है कि एक व्यक्ति ने सुपरनोवा बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. इस हादसे के बारे में जो भी सुनता है, उसके मन में एक सवाल जरूर उठ रहा कि आखिर यह इमारत कुल मिलाकर कितनी ऊंची है.
सबसे पहले आपको यह बताते हैं कि सुपरनोवा बिल्डिंग यूपी की सबसे बड़ी इमारत है. इस इमारत को सुपरटेक बिल्डर बना रहा है. यह प्रोजेक्ट सिर्फ आवासीय टॉवर नहीं है, बल्कि इसमें लग्जरी विला, ऑफिस, होटल और खुदरा दुकानें भी बन रही हैं. इस प्रोजेक्ट का नक्शा ब्रिटेन की फर्म बेनॉय (Benoy) ने तैयार किया है और पूरे प्रोजेक्ट को 17.5 एकड़ में तैयार किया जाएगा, जिसमें 5 टॉवर बनाए जाने हैं. इस इमारत को कॉमन पोडियम के रूप में डिजाइन किया गया है.
14 साल पहले शुरू हुआ था निर्माण
सुपरनोवा प्रोजेक्ट को साल 2012 में शुरू किया गया था, लेकिन परियोजना बीच में ही अटक गई. इसे बनाने वाली कंपनी सुपरटेक ने काम अधूरा छोड़ दिया और साल 2024 में दिवालिया प्रक्रिया शुरू होने के बाद इस प्रोजेक्ट पर दोबारा काम शुरू हुआ है. प्रोजेक्ट को फिलहाल कोर्ट की देखरेख में पूरा किया जा रहा है. इस प्रोजेक्ट को बनाने वाली कंपनी पर 1,500 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप था और मामला कोर्ट जाने के बाद कंपनी को दिवालिया घोषित कर दिया गया.
कितनी मंजिल की है यह बिल्डिंग
सुपरनोवा बिल्डिंग में करीब 80 मंजिल हैं. इसे शुरुआत में सिर्फ 68 मंजिल का बनाया जाना था. इस इमारत की 59वीं मंजिल से 66वीं मंजिल तक विला बनाए जाने का प्रोजेक्ट है. इस विला की साइज करीब 5,200 वर्गफुट के आसपास है. इसकी बालकनी से यमुना नदी का किनारा साफ दिखाई देता है. इमारत की 46वीं और 58वीं मंजिल पर ऑफिस बनाने का प्रस्ताव है. यह प्रोजेक्ट नोएडा के सेक्टर 94 में बनाया जा रहा है, जो नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्थित है.
कुतुबमीनार से चार गुना है इमारत
सुपरनोवा इमारत की कुल ऊंचाई करीब 300 मीटर है, जबकि कुतुबमीनार की ऊंचाई 72.5 मीटर की है. इसका मतलब है कि बिल्डिंग की ऊंचाई कुतुबमीनार से चार गुना ज्यादा है. यह यूपी की सबसे ऊंची बिल्डिंग है. यह देश की दूसरी सबसे ऊंची इमारत है. इससे ऊंची इमारत लोखनवाला में बन चुकी है, जो 301 मीटर है. सुपरनोवा में 1बीएचके फ्लैट की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये से शुरू होती है, जो 600 वर्गफुट के आसपास होता है.