जिनपिंग की सेहत पर फिर उठे सवाल, ट्रंप से मुलाकात में मांगा अलग कमरा
Last Updated:
Donald Trump-Xi Jinping: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सेहत को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं. सितंबर में उन्होंने अमेरिका का दौरा किया था. इस दौरान ट्रंप से वॉशिंगटन में मुलाकात के दौरान चीनी अधिकारियों ने जिनपिंग के लिए व्हाइट हाउस में अलग कमरा मांगा था. ये कमरा उनके आराम के लिए था. जिनपिंग के कार्यक्रम में बदलाव किए गए और कुछ मीटिंग्स को छोटा भी रखा गया. इससे पहले वह नई दिल्ली में BRICS समिट के गाला डिनर में भी शामिल नहीं हुए थे.
अमेरिकी दौरे के समय शी जिनपिंग US प्रेसिडेंट ट्रंप के साथ. (Reuters)
Xi Jinping White House: ब्रिक्स की मीटिंग में जब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आए थे तो उनके स्वास्थ्य को लेकर तरह-तरह की अटकलें लग रही थीं. एक बार फिर शी जिनपिंग की सेहत को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वॉशिंगटन में हुई हालिया मुलाकात के दौरान जिनपिंग के लिए खास इंतजाम किए गए थे. वाल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी अधिकारियों ने अमेरिकी प्रशासन से आग्रह किया था कि व्हाइट हाउस के वेस्ट विंग में एक अलग कमरा दिया जाए. ऐसा इसलिए ताकि 73 साल के शी जिनपिंग मीटिंग्स के बीच आराम कर सकें. इस कमरे में चीन की तरफ से भी सिर्फ उनकी पत्नी पेंग लियुआन (Peng Liyuan) को साथ रहने की इजाजत थी. जिनपिंग के कार्यक्रम में कई बदलाव और आराम के लिए अतिरिक्त समय मांगने की खबरों ने उनकी शारीरिक स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, उनकी किसी गंभीर बीमारी या खास मेडिकल परेशानी की अब तक सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
ट्रंप के साथ कामकाजी लंच भी किया रद्द
WSJ ने अपनी रिपोर्ट में मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि जिनपिंग के अधिकारियों ने अमेरिकी पक्ष से उनके लिए ज्यादा आराम का समय रखने की मांग की थी. 24 सितंबर को जिनपिंग और ट्रंप के बीच प्रस्तावित वर्किंग लंच भी रद्द कर दिया गया. यह वॉशिंगटन समिट का इकलौता पूरा दिन था. रिपोर्ट के मुताबिक, जिनपिंग के वॉशिंगटन पहुंचने की शाम भी उनके लिए कोई कार्यक्रम नहीं रखा गया था. इसके अगले दिन यानी 25 सितंबर को उनका नेशनल आर्काइव्स का दौरा भी काफी छोटा रहा. यह कार्यक्रम करीब 10 मिनट में खत्म हो गया, जबकि अमेरिकी अधिकारियों ने इसके लिए ज्यादा समय तय किया था.
रिपोर्ट में दावा किया गया कि जिनपिंग का पूरा कार्यक्रम इस तरह तैयार किया गया था कि उन्हें कितनी देर खड़ा रहना होगा, कितना चलना पड़ेगा और कब आराम की जरूरत होगी, इन बातों का ध्यान रखा जा सके. हालांकि, उनकी दिनचर्या में बदलाव की एक वजह बीजिंग से वॉशिंगटन तक करीब 14 घंटे की लंबी उड़ान और जेट लैग भी हो सकता है.
सीढ़ियों से उतरते वक्त पत्नी का पकड़ा हाथ
WSJ की रिपोर्ट में जिनपिंग की गतिविधियों का भी जिक्र किया गया है. जब वह जॉइंट बेस एंड्रयूज पर अपने विमान से नीचे उतर रहे थे, तब वह एक हाथ से पत्नी पेंग लियुआन का हाथ पकड़े हुए थे. दूसरे हाथ से सीढ़ियों की रेलिंग का सहारा ले रहे थे. इसके दो दिन बाद नेशनल आर्काइव्स की सीढ़ियां चढ़ते समय भी जिनपिंग और उनकी पत्नी एक-दूसरे का हाथ पकड़े दिखाई दिए. उस समय उनके साथ ट्रंप और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद थीं.
BRICS समिट के दौरान भी डिनर में नहीं पहुंचे थे जिनपिंग
जिनपिंग की सेहत को लेकर यह चर्चा अचानक नहीं शुरू हुई है. इससे कुछ हफ्ते पहले नई दिल्ली में हुए BRICS समिट के दौरान भी वह एक खास कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे. जिनपिंग ने समिट के दौरान आयोजित गाला डिनर में आखिरी वक्त पर शामिल होने से मना कर दिया था. बताया गया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी. उनकी जगह चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. उनकी गैरमौजूदगी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गईं. कुछ पोस्ट में गंभीर मेडिकल परेशानी तक के दावे किए गए, लेकिन इन दावों की कोई पुष्टि नहीं हुई.