Last Updated:
Ground Report: बिहार में बाढ़ का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा. लोग अपने-अपने आशियाने छोड़कर राहत कैंप में दिन-रात बिताने को मजबूर हैं. ऐसे में प्रशासन की टीमें मुस्तैदी से तैनात होकर लोगों की राहत पहुंचा रही हैं. एसडीआरएफ जवानों ने बताया कि लोगों को बाढ़ में डूबे इलाकों से निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है.
पूर्वी चंपारण में बाढ़.
मोतिहारीः पूर्वी चंपारण में बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई परिवार अपना घर, अनाज और जरूरी सामान छोड़कर सुरक्षित जगह पहुंचने को मजबूर हैं. चारों तरफ पानी के बीच लोगों की सबसे बड़ी चिंता अपनी और परिवार की जान बचाने की है. ऐसे हालात में NDRF और SDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. जवान बाढ़ से घिरे घरों तक पहुंच रहे हैं और लोगों को सुरक्षित निकालकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचा रहे हैं.
SDRF की टीम सिर्फ पुरुषों और महिलाओं को ही नहीं, बल्कि बुजुर्गों और बच्चों को भी सुरक्षित निकाल रही है. बाढ़ के पानी में फंसी गर्भवती महिलाओं को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह पहुंचाया जा रहा है. जवान घर-घर जाकर लोगों की स्थिति देख रहे हैं. जहां जरूरत होती है, वहां तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाता है. बाढ़ में लोगों के साथ उनके पशु भी फंस गए हैं. SDRF के जवान पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं. टीम का कहना है कि मुश्किल हालात में हर जिंदगी को बचाना उनकी प्राथमिकता है.
‘लोगों की जान बचाना हमारे लिए सौभाग्य’
SDRF के जवानों ने News18 से बातचीत में बताया कि टीम लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों में काम कर रही है. जवान बाढ़ से घिरे घरों में पहुंचकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित निकाल रहे हैं. लोगों को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है. जवानों का कहना है कि बाढ़ में फंसे लोगों की मदद करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. कई लोगों की जान बचाने में टीम सफल रही है. राहत और बचाव के साथ लोगों के जरूरी सामान को सुरक्षित निकालने में भी जवान मदद कर रहे हैं.
प्रशासन और ग्रामीण भी रेस्क्यू में जुटे
बाढ़ जैसे मुश्किल हालात में SDRF और NDRF की टीम को स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग मिल रहा है. जिला प्रशासन की टीम भी लगातार राहत और बचाव अभियान पर नजर रख रही है. स्थानीय लोग भी रेस्क्यू टीम को बाढ़ प्रभावित इलाकों की जानकारी दे रहे हैं. SDRF के मुताबिक, लगातार चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच अब तक किसी व्यक्ति के डूबने से मौत की सूचना नहीं मिली है. बाढ़ की विभीषिका के बीच यह राहत की खबर है. फिलहाल बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव का काम जारी है. SDRF और NDRF की टीमें लगातार पानी से घिरे घरों तक पहुंच रही हैं. प्राथमिकता यही है कि कोई भी व्यक्ति बाढ़ के पानी में फंसा न रहे और सभी को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सके.