लॉन्ग वीकेंड पर पहाड़ों की फूलीं सांसें, जोशीमठ से विष्णुप्रयाग तक 12 KM लंबा जाम, रात के अंधेरें में रेंगती रहीं गाड़ियां

लॉन्ग वीकेंड पर पहाड़ों की फूलीं सांसें, जोशीमठ से विष्णुप्रयाग तक 12 KM लंबा जाम, रात के अंधेरें में रेंगती रहीं गाड़ियां


Last Updated:

Badrinath Traffic: लॉन्ग वीकेंड पर बदरीनाथ नेशनल हाइवे जाम हो गया है. दिल्ली-एनसीआर के लोग पहाड़ों की ओर रूख कर रहे हैं. शुक्रवार को सुबह से लेकर देर रात तक हाईवे पर भीषण जाम लगा रहा, जिसमें हजारों यात्री रात के अंधेरे में फंसने को मजबूर हो गए. सामने आए वीडियो फुटेज में रात के घुप अंधेरे में पहाड़ी सर्पीले रास्तों पर केवल वाहनों की लंबी कतारें और उनकी लाइटें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं. जोशीमठ के मुख्य बाजार से लेकर विष्णुप्रयाग पुल तक लगभग 11 से 12 किलोमीटर लंबा जाम लगा है.

Zoom

बद्रीनाथ हाइवे पर लगा भयंकर जाम.

चमोली: लॉन्ग वीकेंड का असर पहाड़ों पर दिख रहा है. ऐसा लग रहा कि तीन दिनों की छुट्टी एन्जॉय करने पूरा दिल्ली-एनसीआर पहाड़ों पर पहुंच गया है. इसकी वजह से उत्तराखंड के चमोली जिले से गुजरने वाले बदरीनाथ नेशनल हाइवे पर 11-12 किलोमीटर तक जाम लग गया है. शुक्रवार को हाईवे पर ऐसा भीषण जाम लगा कि गाड़ियां सुबह से लेकर देर रात तक रेंगती नजर आईं. जाम के कारण हजारों तीर्थयात्री रात के अंधेरे में हाईवे पर फंसने को मजबूर हो गए. सामने आए ड्रोन और हाई-एंगल वीडियो में देखा जा सकता है कि रात के अंधेरे में पहाड़ों के बीच हाईवे पर सिर्फ गाड़ियों की हेडलाइट्स और टेललाइट्स की मीलों लंबी कतारें नजर आ रही हैं.

जाम का दायरा इतना बड़ा था कि यह जोशीमठ से आगे लगभग 11 से 12 किलोमीटर के क्षेत्र में फैल गया. जोशीमठ के मुख्य बाजार, नरसिंह मंदिर, जीरो बैंड, मारवाड़ी, मारवाड़ी पुल से लेकर विष्णुप्रयाग और बलदूड़ा पुल तक केवल वाहनों की लंबी-लंबी कतारें ही नजर आईं. ग्राउंड लेवल से सामने आई तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि संकरे घुमावदार रास्ते पर दुपहिया और चार पहिया वाहन बुरी तरह फंसे हुए हैं और लोग अपनी गाड़ियों की लाइटें जलाए जाम खुलने का इंतजार कर रहे हैं. ट्रैफिक इतना धीमा था कि गाड़ियां बमुश्किल रेंगते हुए आगे बढ़ पा रही थीं. जो यात्री सुबह रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश और हरिद्वार से अपनी यात्रा पर निकले थे, वे रात तक केवल जोशीमठ ही पहुंच पाए और वहीं इस भीषण जाम में फंस गए.

क्यों लगा इतना लंबा जाम?
स्थानीय लोगों और जाम में फंसे यात्रियों का कहना है कि इस भीषण जाम का सबसे बड़ा कारण बरसात के दौरान सड़क पर आया मलबा है. प्रशासन द्वारा इस मलबे को अभी तक पूरी तरह से हटाया नहीं गया है. मलबे के कारण सड़क कई जगह बेहद संकरी हो गई है. सड़क संकरी होने से जब भी दोनों तरफ से वाहनों का दबाव बढ़ता है, तो तुरंत महाजाम की स्थिति बन जाती है. स्थानीय निवासी संजय और यात्री शीतल ने भी प्रशासन की इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की है.

पितृपक्ष के चलते बढ़ी यात्रियों की भीड़
इन दिनों बदरीनाथ धाम में पितृपक्ष के चलते तर्पण और पिंडदान करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ऐसे में हाईवे पर वाहनों का दबाव अचानक काफी ज्यादा हो गया है. स्थानीय निवासियों और यात्रियों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द ही सड़क से मलबा हटाकर चौड़ीकरण नहीं किया और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया, तो आने वाले दिनों में जाम की यह समस्या और भी भयावह हो सकती है.



Source link