IND vs WI Playing XI: रविंद्र जडेजा बाहर, तीसरे वनडे में मोहम्मद सिराज की वापसी, क्या भारत की प्लेइंग XI में होगा बदलाव?

IND vs WI Playing XI: रविंद्र जडेजा बाहर, तीसरे वनडे में मोहम्मद सिराज की वापसी, क्या भारत की प्लेइंग XI में होगा बदलाव?


नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा आखिरी वनडे मैच न्यूज चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. सीरीज के पहले दो मैच में जीत हासिल कर टीम इंडिया ने 2-0 की अजेय बढ़त बना रखी है. वहीं, अंतिम मुकाबले में अब शुभमन गिल एंड कंपनी की कोशिश होगी कि वह क्लीन स्वीप करें. इसके साथ ही टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर खराब गेंदबाजी की गुत्थी को आखिरी वनडे में सुलझाना चाहेंगे.

भारत ने बेशक सीरीज में दबदबा बनाए रखा है, लेकिन उनके प्रदर्शन के बजाय चर्चा पिच के बल्लेबाजी के अनुकूल होने पर केंद्रित रही है, क्योंकि पिछले वनडे में 800 से अधिक रन बने थे. इन परिस्थितियों की आलोचना करने वालों में भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी शामिल हैं, जो बल्ले और गेंद के बीच संतुलन देखना चाहते हैं.

गेंदबाजी में टीम इंडिया का प्रदर्शन रहा है निराशाजनक

सीरीज में पहले ही अजेय बढ़त ले चुकी भारतीय टीम अब अपने गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी. कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन गेंदबाजी कमजोर रही है. दोनों मैचों में पहले 10 ओवरों में सिर्फ एक विकेट मिला है और दोनों पावरप्ले में 177 रन लुटाए गए.

भारत को बीच के ओवरों में भी विकेट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. कुलदीप यादव को अन्य गेंदबाजों से ज्यादा सहयोग नहीं मिल रहा है. जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ी पर भी सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने पिछले आठ मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिए हैं. ऐसे में हो सकता है कि जडेजा को तीसरे वनडे के प्लेइंग XI में जगह नहीं मिल पाए.

शुभमन गिल ने सीरीज में बल्ले से मचाई है धूम

गिल बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का 2024 से घरेलू वनडे मैचों में औसत 79.3 है और इस सीरीज में वह पहले ही एक शतक और एक दोहरा शतक लगा चुके हैं. गिल की नाबाद 223 रन की पारी की मदद से भारत ने पिछले मैच में रिकॉर्ड 406 रन का लक्ष्य हासिल किया था.

रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी इस सीरीज में उपयोगी पारियां खेलने का मौका मिला. लेकिन अब तक केवल चार भारतीय बल्लेबाजों को ही बल्लेबाजी का मौका मिला है. केएल राहुल, नमन धीर और जडेजा ने अभी तक बल्लेबाजी नहीं की है.

 भारत के युवा तेज गेंदबाज उम्मीदों पर खड़े नहीं उतर पा रहे हैं 

भारत के लिए सबसे बड़ी समस्या गेंदबाजी आक्रमण है. प्रसिद्ध कृष्णा बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों में खिंचाव) में चोट के कारण अंतिम वनडे से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया है. मोहम्मद सिराज को पहले दो मैच में खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन वह इस मैच में वापसी कर सकते हैं. हैदराबाद के इस तेज गेंदबाज ने श्रीलंका दौरे के बाद से अपनी सर्वश्रेष्ठ लय नहीं पकड़ी है. वह हालांकि सीमित ओवरों के प्रारूप में अपनी छाप छोड़ने के लिए उत्सुक होंगे.

भारत के वनडे तेज गेंदबाजी आक्रमण में जगह पाने की होड़ लगातार बढ़ती जा रही है. गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध और आकिब नबी जैसे खिलाड़ी भी दावेदारों में शामिल हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह की जगह पक्की बनी हुई है. इसलिए युवा तेज गेंदबाजों के लिए यह आखिरी वनडे मैच इस साल के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की सीरीज से पहले अपनी दावेदारी मजबूत करने का एक और मौका होगा. मुल्लांपुर में पहली बार पुरुषों का वनडे मैच खेला जा रहा है, ऐसे में गेंदबाजों को उम्मीद होगी कि यहां की पिच तिरुवनंतपुरम और गुवाहाटी की पिचों की तुलना में अधिक मददगार साबित होगी.

वेस्टइंडीज की टीम ने भी बल्लेबाजी में किया है दमदार प्रदर्शन

वेस्टइंडीज भले ही सीरीज हार चुका है लेकिन उसके बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है. जॉन कैंपबेल ने दोनों मैचों में टीम को विस्फोटक शुरुआत दी है, वहीं कप्तान शाई होप ने सही समय पर तेजी दिखाने से पहले पारी को संवारने की अहम भूमिका निभाई है. हालांकि उसकी टीम शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज़ और कीमो पॉल से उपयोगी योगदान की उम्मीद करेगी.

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर.

वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टि, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्डे, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज़, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स.

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे शुरू होगा.



Source link