क्यों पोस्टपोन हुई प्रभास की ‘फौजी’? फिल्म में हो रही देरी पर एक्टर बोले- दर्शकों ने कभी नहीं देखा होगा ऐसा सिनेमा

क्यों पोस्टपोन हुई प्रभास की ‘फौजी’? फिल्म में हो रही देरी पर एक्टर बोले- दर्शकों ने कभी नहीं देखा होगा ऐसा सिनेमा


नई दिल्ली. साउथ सुपरस्टार प्रभास की मच अवेटेड फिल्म ‘फौजी’ की रिलीज टल गई है. पहले यह फिल्म 3 दिसंबर को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी है. प्रोड्यूसर ने पोस्टपोन होने की पुष्टि तो कर दी है, मगर नई रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है. इसी बीच फिल्म में काम कर रहे एक्टर नितिन गुलाटी ने फिल्म की रिलीज में हो रही देरी को लेकर बात की और यह भी बताया कि मेकर्स पर्दे पर कुछ ऐसा रच रहे हैं, जिसे दर्शकों ने पहले कभी देखा नहीं होगा.

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में नितिन गुलाटी ने कहा कि प्रभास की ‘फौजी’ के जरिए स्क्रीन पर जो आने वाला है, वैसा सिनेमा दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा. नितिन ने यह भी शेयर किया कि फिल्म में इतने बड़े पैमाने पर काम होने के बावजूद किस तरह छोटी से छोटी डिटेलिंग का खास ख्याल रखा गया है.

‘फौजी’ फिल्म की चल रही शूटिंग

नितिन गुलाटी ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि रिलीज कितनी आगे खिसकेगी या मेकर्स किस नई तारीख के बारे में सोच रहे हैं. लेकिन यह फैसला हमारे लिए चौंकाने वाला नहीं था, क्योंकि हम अभी भी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं. ऐसे में यह बात पहले से समझ आ रही थी. मकसद सिर्फ इतना है कि दर्शकों के आगे कोई आधा-अधूरा काम न परोसा जाए, क्योंकि फिल्म एक बार रिलीज हो जाए तो वह हमेशा के लिए बन जाती है, उसमें फिर कोई बदलाव नहीं किया जा सकता.’

फिल्म की क्वालिटी के साथ समझौता नहीं

एक्टर ने आगे कहा, ‘हम चाहते हैं कि जो काम हम कर रहे हैं, उससे हम पूरी तरह संतुष्ट हों. मुझे पता है कि प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर और पूरी स्टारकास्ट फिल्म के अब तक के काम से बेहद खुश है और कोई भी क्वालिटी के साथ 1 परसेंट भी समझौता नहीं करना चाहता. ऐसे में अगर फिल्म को सही तरीके से पूरा करने में कुछ महीने और लगते हैं, तो मुझे लगता है कि यह इंतजार पूरी तरह से रंग लाएगा.

नितिन गुलाटी ने की हनु राघवपुड़ी की तारीफ

नितिन गुलाटी का मानना है कि डायरेक्टर हनु राघवपुडी स्क्रीन पर कुछ ऐसा रच रहे हैं, जो दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा. फिल्म को लेकर अपने इस भरोसे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं और हमारी पूरी टीम इतने कॉन्फिडेंट क्यों हैं? क्योंकि हमारी नीयत और विजन बहुत साफ है. हनु राघवपुडी एक परफेक्शनिस्ट डायरेक्टर हैं और मैं जितने भी निर्देशकों के साथ काम कर चुका हूं, उनमें से वो सबसे ज्यादा मेहनती हैं. इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें ग्रैंड स्केल और बड़ा विजन तो है ही, लेकिन ये सब इंसानी इमोशंस और रिश्तों की बारीकियों की कीमत पर नहीं आया है. ‘

डिटेलिंग का रखा जा रहा खास ध्यान

नितिन ने आगे कहा कि ‘फौजी’ में बड़े पैमाने के साथ-साथ छोटी-से-छोटी डिटेलिंग का तालमेल देखने को मिलेगा. उन्होंने बताया, ‘सेट पर जब हम शूटिंग करते हैं, तो देखने को मिलता है कि हनु सर ने एक तरफ जहां फिल्म के बड़े स्केल को संभाला है, वहीं दूसरी तरफ किरदारों की गहरी भावनाओं को भी बहुत खूबसूरती से पिरोया है. आमतौर पर लोगों को लगता है कि बहुत बड़े स्केल की फिल्मों में बारीकियों पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता, लेकिन मैं यकीन से कह सकता हूं कि ‘फौजी’ में इस बात का खास ख्याल रखा गया है.

हनु राघवपुडी ने संभाली डायरेक्शन की कमान

फिल्म ‘फौजी’ के डायरेक्शन की कमान हनु राघवपुडी ने संभाली है, जो इससे पहले क्रिटिकली एकलेम्ड रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘सीता रामम’ बना चुके हैं. इस फिल्म का निर्माण ‘पुष्पा’ फ्रैंचाइजी जैसी सुपरहिट फिल्में दे चुके मशहूर प्रोडक्शन हाउस मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले नवीन येरनेनी और वाई. रविशंकर कर रहे हैं. इस फिल्म में प्रभास के अलावा इमानवी इस्माइल, सज्जाद डेलाफरूज, मिथुन चक्रवर्ती और अनुपम खेर जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.



Source link