Russia Ukraine War Update: यूक्रेन ने युद्ध में पहली बार उतारी अपनी FP-7 मिसाइल, रूस में सीक्रेट ठिकाने को किया हिट, क्या है ताकत?

Russia Ukraine War Update: यूक्रेन ने युद्ध में पहली बार उतारी अपनी FP-7 मिसाइल, रूस में सीक्रेट ठिकाने को किया हिट, क्या है ताकत?


होमदुनियायूरोप

यूक्रेन ने युद्ध में पहली बार उतारी FP-7 मिसाइल, रूस में सीक्रेट ठिकाना हिट

Last Updated:

UkraineFP-7 Missile: यूक्रेन ने रूस के खिलाफ जारी जंग में पहली बार अपनी FP-7 टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया है. राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने 1 अक्टूबर को इसकी पुष्टि की. लेकिन मिसाइल का निशाना और हमले की जगह नहीं बताई. अब यूक्रेन इसका उत्पादन बढ़ाने की तैयारी में है.

Zoom

FP-7 मिसाइल. (AI इमेज)

Russia Ukraine War: रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन ने अपनी सैन्य ताकत बढ़ाकर दिखा दिया है. यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने गुरुवार, 1 अक्टूबर को ऐलान किया कि यूक्रेन ने अपनी घरेलू तकनीक से विकसित FP-7 टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल का पहली बार युद्ध में इस्तेमाल किया है. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि मिसाइल कहां दागी गई और उसने किस ठिकाने को निशाना बनाया. जेलेंस्की ने इस ऑपरेशन से जुड़े लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब अगला लक्ष्य इस मिसाइल का उत्पादन बढ़ाना है. रूस लगातार यूक्रेन के ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले कर रहा है. ऐसे में यूक्रेन अपनी मिसाइल क्षमता मजबूत कर रूस को जवाब देने की तैयारी में जुटा है.

क्या है यूक्रेन की FP-7 मिसाइल?

FP-7 यूक्रेन में विकसित कम दूरी की टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल है. यूक्रेनी सैन्य विश्लेषकों के मुताबिक, इसकी मारक क्षमता करीब 200 किलोमीटर है. वहीं, इसे बनाने वाली कंपनी फायर पॉइंट के अनुसार, मिसाइल की रेंज 250 किलोमीटर तक हो सकती है. इसकी अधिकतम रफ्तार 1,500 मीटर प्रति सेकंड और इसमें 200 किलोग्राम का वारहेड लगाया जा सकता है.

इस मिसाइल को अमेरिकी सेना की ATACMS मिसाइल के समान बताया जा रहा है. अमेरिका पहले ही यूक्रेन को कुछ ATACMS मिसाइलें दे चुका है. हालांकि, रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, FP-7 की कीमत ATACMS के मुकाबले काफी कम है. फायर पॉइंट के चीफ डिजाइनर और को-फाउंडर डेनिस श्टिलरमैन ने मार्च में कहा था कि FP-7 को ATACMS जैसा बनाया जा रहा है और इसका वारहेड उससे बड़ा भी हो सकता है. उनके मुताबिक, इसकी कीमत कम से कम आधी हो सकती है.

यूक्रेन ने हमला कहां किया?

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर किए एक पोस्ट में बताया कि पहली बार FP-7 को युद्ध में इस्तेमाल किया गया है. उन्होंने लिखा, ‘यूक्रेन की टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल. FP-7. पहली बार युद्ध में इस्तेमाल. इस नतीजे के लिए धन्यवाद. अब अगला कदम प्रोडक्शन है. यूक्रेन की जय.’

हालांकि, उन्होंने यह जानकारी नहीं दी कि मिसाइल का इस्तेमाल किस इलाके में किया गया और इसका निशाना क्या था. कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक जब इस बारे में सवाल किया गया तो जेलेंस्की के कम्युनिकेशन सलाहकार ने से कहा, ‘हम यह नहीं बताने वाले.’ यानी मिसाइल के पहले इस्तेमाल की पुष्टि तो कर दी गई है, लेकिन उसके ऑपरेशन की जगह और उसके इस्तेमाल से क्या हुआ उसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. शायद इसलिए कि मिसाइल की ताकत पब्लिक डोमेन में न आए.

FP-9 पर भी काम कर रहा यूक्रेन

यूक्रेन की कंपनी फायर पॉइंट FP-7 के साथ लंबी दूरी की FP-9 मिसाइल भी विकसित कर रही है. इसकी रेंज 850 किलोमीटर तक बताई गई है. कंपनी के ऑफिशियल्स का कहना है कि, FP-9 इस साल के अंत तक तैयार हो सकती है. मिलिट्री एनालिस्ट्स का मानना है कि FP-7 और FP-9 जैसी मिसाइलें यूक्रेन को रूस के मिसाइल लॉन्च ठिकानों और हथियार बनाने वाली जगहों को निशाना बनाने की क्षमता दे सकती हैं. इससे रूस के सैन्य ढांचे पर दबाव बढ़ सकता है.



Source link