Last Updated:
Ring Road Project : आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती शहर के चारों ओर आउटर रिंग रोड बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने नीलामी प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है. इस प्रोजेक्ट को 3 साल के भीतर खत्म करना जरूरी है और इसमें 6 लेन की 180 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी. प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद शहर में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और आवाजाही भी आसान हो जाएगी.
आंध्र प्रदेश की राजधानी के चारों ओर ग्रीनफील्ड रिंग रोड बनाया जाना है.
नई दिल्ली. आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस करने की दिशा में एक और बड़े प्रोजेक्ट का ऐलान हुआ है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राजधानी के चारों ओर एक ग्रीनफील्ड रिंग रोड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. एनएचएआई ने कहा है कि शहर के चारों ओर रिंग रोड बनाने से शहर में आवाजाही आसान हो जाएगी. इससे शहर के चारों ओर कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही शहर में लगने वाले जाम से भी छुटकारा मिलेगा.
एनएचएआई ने कहा है कि अमरावती के चारों ओर 6 लेन का ग्रीनफील्ड रिंग रोड बनाया जाएगा. इसकी कुल लंबाई करीब 189 किलोमीटर है और इसे 4 पैकेज में बांटकर तैयार किया जाएगा. एनएचएआई ने कहा है कि इन सभी पैकेज को बनाने के लिए नीलामी प्रक्रिया 19 नंवबर, 2026 को शुरू की जाएगी और हर पैकेज को बनाने की डेडलाइन 1,095 दिनों की होगी. इसका मतलब है कि इस रिंग रोड को तैयार करने के लिए सिर्फ 3 साल का समय दिया गया है.
रिंग रोड पर कितना खर्चा आएगा
अमरावती के इस आउटर रिंग रोड को बनाने पर करीब 30,491 करोड़ रुपये का खर्चा आने की उम्मीद है. इसमें सिविल कॉस्ट यानी जमीन अधिग्रहण पर आने वाला खर्चा करीब 10,596 करोड़ रुपये होगा. इस प्रोजेक्ट की पूरी फंडिंग केंद्र सरकार की ओर से होगी और कुल लंबाई 189 किलोमीटर के आसपास होगी. कॉन्ट्रैक्ट के लिए नीलामी प्रक्रिया को अगले महीने नंवबर से से शुरू होगी और पूरा प्रोजेक्ट तीन साल में खत्म किया जाना है. इस रिंग रोड के साथ 5.2 किलोमीटर का एक लिंक रोड भी बनाया जाएगा और प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 195.2 किलोमीटर पहुंच जाएगी.
2 पुल और तीन टनल के साथ बनेगी रिंग रोड
अमरावती के चारों ओर रिंग रोड बनाने के साथ ही 2 बड़े पुल और तीन टनल भी इस रूट पर बनाई जाएगी. दोनों पुल को कृष्णा नदी पर बनाया जाएगा, जबकि टनल 2.7 किलोमीटर और 1.6 किलोमीटर लंबी होगी. पैकेज-1 27 किलोमीटर की होगी, जबकि पैकेज-2 की लंबाई 56 किलोमीटर रहेगा. पैकेज-3 की लंबाई 50.5 किलोमीटर तो पैकेज-4 की लंबाई 55.5 किलोमीटर की रहेगी. पैकेज-4 पर 400 मीटर की एक टनल और कृष्णा नदी पर 3.15 किलोमीटर का ब्रिज भी बनाया जाएगा. इस रिंग रोड के बनने के बाद शहर में जाम से मुक्ति मिलेगी और आवाजाही आसान हो जाएगी.