Last Updated:
महात्मा गांधी के जयंती पर लखनऊ विकास प्राधिकरण घर खरीदने के लिए बड़ा डिस्काउंट दे रहा है. एलडीए ने अनंत नगर योजना के पहले बहुमंजिला हाउसिंग प्रोजेक्ट अदिति अपार्टमेंट के 1392 भवनों के लिए रजिस्ट्रेशन खोला है. इसमें वन बीएचके के 412 प्रधानमंत्री आवास और 2 बीएचके के 980 अपोर्डेबल हाउस मौजूद हैं.
एलडीए की तरफ से अपार्टमेंट की खरीद पर दी जा रही बड़ी छूट. (सांकेतिक तस्वीर)
लखनऊः अगर आप राजधानी लखनऊ में अपने सपनों का घर बनाना चाहते हैं तो आपके लिए बेस्ट मौका है. क्योंकि लखनऊ विकास प्राधिकरण इस बार गांधी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री आवास और अफोर्डेबल हाउस की सौगात लेकर आया है. इसके तहत अनंत नगर योजना के पहले बहुमंजिला हाउसिंग प्रोजेक्ट अदिति अपार्टमेंट के 1392 भवनों के लिए रजिस्ट्रेशन खोला जा रहा है. इसमें वन बीएचके के 412 प्रधानमंत्री आवास और 2 बीएचके के 980 अफोर्डेबल हाउस मौजूद हैं.
5 फीसदी धनराशि रजिस्ट्रेशन के वक्त जमा करना होगा
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने जानकारी दी कि भवनों के लिए रजिस्ट्रेशन केवल प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करवाया जा सकेगा. इसके लिए 2 अक्तूबर से 2 नवंबर तक पोर्टल लाइव रहेगा. रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आवेदक को भवन की अनुमानित मूल्य की 5 फीसदी धनराशि जमा करानी होगी. वहीं आरक्षित वर्ग के लिए पंजीकरण धनराशि 2.5 फीसदी होगी. भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के जरिए किया जाएगा.
वन बीएचके का दाम साढ़े छह लाख रुपये
वीसी ने बताया कि अनंद नगर योजना के आदर्श खंड में 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर अदिति अपार्टमेंट निर्मित किया जाएगा. यह परियोजना अलग-अलग आय वर्ग के परिवारों की आवासीय जरूरतों को पूरा करेगी. अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि योजना में वन बीएचके के कुल 412 फ्लैट होंगे. प्रत्येक फ्लैट 38.25 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा, जिसकी कीमत 8 लाख 99 हजार 900 रुपये तय की गई है. वन बीएचके भवन के लिए लाभार्थी को 6.50 लाख रुपये ही देने होंगे. बाकी ढाई लाख रुपये का अंशदान केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जाएगा.
34 लाख में टू बीएचके
अदिति अपार्टमेंट में 1 बीएचके के फ्लैट में 2 और 2 बीएचके के फ्लैट में 3 बालकनी दी जाएगी. यह परियोजना पूरी तरह आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस होगी. जिसमें हाई स्पीड लिफ्ट, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, पावर बैकअप, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्युनिटी स्पेस और पैदल पथ की सुविधाएं शामिल होंगी. योजना में 2 बीएचके श्रेणी के कुल 980 फ्लैट बनेंगे. प्रत्येक फ्लैट 50.10 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा, जिसकी कीमत 34 लाख 82 हजार रुपये तय की गई है.